फेसबुक लाइव कर युवक ने लगाई फांसी, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना किया अंतिम संस्कार
गुरुग्राम के पटौदी थाना क्षेत्र में आने वाले पाटौदा गांव के रहने वाले 28 वर्षीय युवक अमित चौहान ने सोमवार शाम अपने घर में आत्महत्या कर ली।
इस दौरान अमित ने फेसबुक लाइव किया और अपने सैकड़ों दोस्तों के सामने आकर कहा कि वो सुसाइड कर रहा है इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर कर दीजिएगा।
दरअसल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अमित को शराब पीने की लत थी। सोमवार शाम उसकी पत्नी से उसका झगड़ा हुआ जिसके बाद अमित के ससुराल वाले उसकी पत्नी को अपने साथ ले गए जिसके बाद अमित ने गुस्से में ये कदम उठाया।
अमित मानसिक रूप से बीमार था
आज सुबह अमित के परिवारवालों ने उसका गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया और पुलिस को सूचना तक नहीं लगी। जब खबर मीडिया तक पहुंची तो मीडिया के माध्यम से मामला मंगलवार सुबह 10 बजे पुलिस के पास पहुंचा।
पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों ने बताया कि अमित मानसिक रूप से बीमार था और उसका रोहतक के पीजीआई में इलाज चल रहा था।
11 जुलाई को आगरा में भी हुई थी ऐसी घटना
थाना न्यू आगरा के त्रिवेणी नगर में युवक मुन्ना कुमार ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने इस खुदकुशी को मोबाइल से फेसबुक पर लाइव किया था। फेसबुक पर लाइव सुसाइड देखकर परिचितों ने घरवालों को सूचना दी। युवक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इसमें मां-बाप के सपने पूरा नहीं करने के कारण ही सुसाइड की बात लिखी थी। वह सेना में नौकरी करना चाहता था। इसमें विफल होने पर उसने ऐसा कदम उठाया था।