पटौदी। जिले के पटौदी क्षेत्र स्थित इंछापुरी रेलवे स्टेशन फाटक पर चेकरेल (लोह पट्ट) का कार्य किए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को सुबह 9 बजे से सायं 4 बजे तक कार्य चलने के कारण से पटौदी से रेवाड़ी और रेवाड़ी से पटौदी आने-जाने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पहाड़ी फ्लाईओवर क्षतिग्रस्त होने से पटौदी-रेवाड़ी रोड पर आवागमन करने वाले वाहन चालक इंछापुरी फाटक से होकर जाते थे। लेकिन बृहस्पतिवार को रेलवे लाइन क्रॉसिंग पर कार्य होने के कारण से वाहनों के लिए उक्त मार्ग को बंद कर दिया। जिस कारण से वाहन चालक को अन्य वैैकल्पिक रास्तों या अन्य गांवों से होकर अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा। ऐसे में दिनभर वाहन चालक परेशानियों से जूझते रहे। काफी वाहन चालकों को रेलवे क्रॉसिंग पर कार्य होने के बारे में जानकारी नहीं होने के कारण फाटक पर पहुंचे, लेकिन फाटक बंद होने के कारण वापस लौटकर दूसरे रास्तों से अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
इंछापुरी रेलवे फाटक पर मौजूद एसएससी राकेश कुमार ने बताया कि रेलवे फाटक पर चेकरेल (लोह पट्ट) बदलने के लिए सुबह 9 बजे रेलवें फाटक को बंद किया था। सायं 4 बजे के बाद तक चेकरेल बदलने का कार्य चलता रहा। हालांकि सायं के समय रास्ते को रेलवे क्रॉसिंग को खोल दिया गया, जिसके बाद फाटक से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया।