{"_id":"6674adb2ab96627d4a0d4977","slug":"line-of-dead-bodies-outside-the-mortuary24-hours-wait-for-post-mortem-gurgaon-news-c-24-1-noi1094-33238-2024-06-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram News: मोर्चरी के बाहर तक शवों की कतार ...पोस्टमार्टम के लिए 24 घंटे का इंतजार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram News: मोर्चरी के बाहर तक शवों की कतार ...पोस्टमार्टम के लिए 24 घंटे का इंतजार
विज्ञापन
विज्ञापन
तीन दिन में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे 60 से ज्यादा शव, इनमें 18 अज्ञात
कोरोना के बाद भीषण गर्मी में पहली बार देखी जा रही ऐसी स्थिति
रोजी सिन्हा
गुरुग्राम। भीषण गर्मी को दोष दिया जाए या फिर शहर की सड़कों पर होने वाले वाहन हादसों को। मौत बीमारी से हुई है या फिर वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। बात चाहे जो हो, लेकिन एक सत्य यह भी है कि बीते तीन दिनों के दौरान पोस्टमार्टम में इस कदर शवों को लाया गया कि एक बार फिर से कोरोना काल की याद ताजा हो गई। बीते तीन दिनों के दौरान यहां 60 से ज्यादा शव पहुंचे हैं। पोस्टमार्टम हाउस के अंदर जगह कम पड़ी तो शवों की बाहर तक कतार लगा दी गई। अब पोस्टमार्टम के लिए वेटिंग शुरू हो गई है। लोगों को 24 से 30 घंटों तक का इंतजार करना पड़ रहा है।
मिलेनियम सिटी में पिछले तीन दिनों में शव गृह में शवों की कतार लगी हुई है। एक के बाद एक पिछले तीन दिनों में 60 से ज्यादा शव शवगृह में पोस्टमॉर्टम के लिए पहुंचे हैं। इन 60 शवों में 18 शव अज्ञात हैं। इनकी मौत का कारण भी अभी पता नहीं चल पाया है। ऐसे में माना जा रहा है कि इन 18 लोगों में से ज्यादातर लोगों की मौत गर्मी की वजह से हुई है।
विज्ञापन
दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में अभी तक लू से ना तो किसी की मौत हुई है और न ही गर्मी से पीड़ित कोई गंभीर मरीज नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचा है। शव गृह में कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से शवों की संख्या में इजाफा हुआ है। पोस्टमार्टम के दौरान ज्यादातर शवों के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं है।
विज्ञापन
शहर में पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। नागरिक अस्पताल में जहां गर्मी से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है, वहीं मरने वालों की संख्या भी बढ़ी है। शव गृह में पिछले तीन दिन में औसतन 20 शव का पोस्टमॉर्टम किया गया है। शव गृह में इतने शव पहुंचने से कर्मचारियों के हाथ- पांव फूले हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना के बाद पहली बार यह स्थिति हुई है। सामान्य तौर पर प्रतिदिन 5 से 10 शव को पोस्टमॉर्टम किया जाता था, परंतु पिछले तीन दिनों में औसतन 20 शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया है।
पोस्टमार्टम के लिए है वेंटिग
शव गृह में पोस्टमार्टम किए जाने पर भी वेटिंग शुरू हो गई है। शव के पोस्टमॉर्टम के लिए 24 से 30 घंटों में नंबर आ रहा है। बृहस्पतिवार सुबह शवगृह के बाहर खड़े एक व्यक्ति ने बताया कि उनके एक रिश्तेदार की मृत्यु हो गई है। उनका शव दरभंगा ले जाना है। शव गृह की कर्मचारियों की ओर से बताया गया है कि 24 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। ऐसे में अब शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद वह अपने रिश्तेदार का शव ले जा पाएंगे।
शव गृह में अव्यवस्था
शवगृह में शव की संख्या ज्यादा होने से अव्यवस्था हो गई है। यहां तीन-चार शवों को एक के ऊपर एक करके रखा गया है। डीप फ्रीजर में जगह न होने के कारण कुछ शवों को ऐसे ही फर्श पर रखवा दिया गया है। हालात यह है कि कौन सा शव कहां रखा गया है, इसकी जानकारी भी अलग से रजिस्टर में लिखी जा रही है।
वर्जन
शहर में अभी तक लू से किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। शवगृह में पहुंचने वाले ज्यादातर शव की मौत का कारण बीमारी, एक्सीडेंट आदि हैं। - डॉ. वीरेंद्र यादव, सीएमओ।