जुनैद-नासिर हत्याकांड: मोनू मानेसर ने खुद को बताया निर्दोष, बोला- वारदात वाले दिन होटल में था; देख लें CCTV
व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से हुई वार्ता के बाद बजरंग दल मानेसर मंडल के अध्यक्ष मोनू ने बताया कि इस मामले में उसे जबरन ही फंसाने की साजिश रची जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बोलेरो में जिंदा जलाए गए दो युवकों के कंकाल के मामले में बजरंग दल पदाधिकारी मोहित उर्फ मोनू मानेसर का नाम आने के बाद से आरोपी भूमिगत हो गया है। हालांकि फोन पर वह लगातार लोगों के संपर्क में है। अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर उसने खुद को और अपनी टीम को इस दोहरे हत्याकांड में निर्दोष बताया है।
मोनू मानेसर ने लिखा है कि जो भी घटना राजस्थान के थाना गोपालगढ़ में हुई है, उससे हमारी टीम का कोई लेना-देना नहीं है और न ही बजरंग दल हरियाणा का कुछ लेना देना है। जो भी आरोपी मिले, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से हुई वार्ता के बाद बजरंग दल मानेसर मंडल के अध्यक्ष मोनू ने बताया कि इस मामले में उसे जबरन ही फंसाने की साजिश रची जा रही है। जिस दिन की यह वारदात बताई जा रही है, उस दिन वह अपने साथियों के साथ गुरुग्राम के ही एक होटल में था। होटल के सीसीटीवी कैमरों से उसकी बातों की सच्चाई का पता चल जाएगा। उसने होटल का नाम बताने से फिलहाल मना कर दिया। उसका कहना था कि अगर वह होटल का नाम पहले से ही खोल देगा तो उसे शक है कि पुलिस वहां पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को नष्ट कर सकती है।
बता दें कि राजस्थान की सीमा से सटे लोहारू कस्बे के गांव बारवास की बणी में गुरुवार सुबह लावारिस हालात में जली हुई बोलेरो की पिछली सीट से दो कंकाल पुलिस ने बरामद किए थे। इसके बाद लोहारू के डीएसपी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन प्रारंभ की।
पुलिस ने चेसिस नंबर से गाड़ी का पता लगाया। इसके बाद मृतकों की पहचान राजस्थान के जिला भरतपुर के गोपालगढ़ पुलिस थानाक्षेत्र के गांव घाटमिका निवासी जुनैद और नासिर के रूप में हुई। मृतक के परिजनों ने फिरोजपुर झिरका सीआईए और बजरंग दल सदस्यों पर जुनैद और नासिर के अपहरण, मारपीट और जिंदा जलाकर उनकी हत्या के आरोप लगाए हैं। इस मामले को गो-तस्करी से भी जोड़कर देखा जा रहा है।