आत्महत्या या हादसा: गुरुग्राम की सोसाइटी में 10वीं मंजिल से गिरकर बीएसएफ अधिकारी के बेटे की मौत, फ्लैट सील
मृतक की पहचान असीम (28) के रूप में हुई है। वह द लीफ सोसाइटी में अपनी मां के साथ रहते थे। उनके पिता सत्यवान, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में अधिकारी हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग ओडिशा के कोरापुट में बताई जा रही है।
विस्तार
गुरुग्राम स्थित खेड़कीदौला थाने के अंतर्गत आते सेक्टर-85 स्थित द लीफ सोसाइटी में बुधवार को 10वीं मंजिल से गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। मृतक बीएसएफ के अधिकारी के बेटे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। गुरुवार को मृतक का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस जांच करने में जुटी हुई है कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर संतुलन बिगड़ने से गिरकर उसकी मौत हुई है।
पिता की पोस्टिंग ओडिशा में
मृतक की पहचान असीम (28) के रूप में हुई है। वह द लीफ सोसाइटी में अपनी मां के साथ रहते थे। उनके पिता सत्यवान, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में अधिकारी हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग ओडिशा के कोरापुट में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे असीम टावर-8 के 10वीं मंजिल स्थित फ्लैट-10 B की बालकनी से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया था। आवाज सुनकर नीचे मौजूद सुरक्षाकर्मी और आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग पहुंचे और उसे गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा हुआ पाया।
पुलिस ने फ्लैट किया सील
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस ने आसिम को पास के निजी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद खेड़कीदौला थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल व संबंधित फ्लैट को सील कर दिया है। फिलहाल युवक की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। परिवार वालों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि असीम के मौत के सही कारणों का पता चल सके। जांच और परिवार वालों के बयान से युवक की आत्महत्या या संतुलन बिगड़ने से गिरने के कारण मौत होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एसीपी का बयान
युवक के इमारत से गिरकर मौत होने मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मृत युवक की माता बयान दर्ज कराने की स्थिति में नहीं है। मृतक युवक के पिता के आने के बाद मामले के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी और शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। - अर्जुन देव, एसीपी मानेसर, गुरुग्राम