देखें सीन ऑफ क्राइम का Video: सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग, कार सवार हमलावरों ने थार गाड़ी पर चलाई गोली
शुरुआती जानकारी के मुताबिक ये हमला बादशाहपुर थाने के अंतर्गत एसपीआर रोड पर हुआ है। राहुल मौके से सुरक्षित भागने में कामयाब रहे।
विस्तार
मशहूर हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर सोमवार की देर शाम फायरिंग हुई है। राहुल फाजिलपुरिया की थार गाड़ी पर कार सवार बदमाशों ने फायरिंग की है। फाजिलपुरिया को गोली नहीं लगी है। हमले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
राहुल फाजिलपुरिया पर गुरुग्राम की साउथ पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर हमला किया गया। हमलावर कौन थे और उन्होंने राहुल फाजिलपुरिया पर हमला क्यों किया, इसके बारे में अभी पता नहीं चल सका है।
जजपा के टिकट पर लड़ा था चुनाव
बता दें कि राहुल फाजिलपुरिया ने वर्ष 2024 में गुरुग्राम लोकसभा सीट से पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गए थे। उनके मुकाबले भाजपा की तरफ से राव इंद्रजीत और कांग्रेस ने राज बब्बर को चुनाव में उतारा था। यह चुनाव राव इंद्रजीत ने जीता था।
पुलिस का बयान
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि एसपीआर पर एक गोली चलने की सूचना गुरुग्राम पुलिस को मिली थी। इस पूरे घटनाक्रम में न कोई घायल है न ही किसी वाहन को कोई गोली लगी हैं। गुरुग्राम पुलिस की सीन ऑफ क्राइम की टीम घटना स्थल पर पहुंच जांच कर रही है।