{"_id":"67f2cce149ccd5df4c048c05","slug":"fire-broke-out-in-the-garbage-of-the-garbage-disposal-plant-located-at-bandhwadi-gurgaon-news-c-24-1-gur1002-54773-2025-04-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram News: बंधवाड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट के कूड़े में लगी आग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram News: बंधवाड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट के कूड़े में लगी आग
विज्ञापन
विज्ञापन
दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की सात टीमों ने आग पर काबू पाया
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। बंधवाड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट के कूड़े में रविवार की दोपहर आग लग गई। दोपहर 12.30 बजे कूड़ा प्लांट के कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को आग लगने के बारे में सूचना दी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दो दमकल की गाड़ियां कूड़ा प्लांट में आग बुझाने के लिए भेजी गईं। जब तक दमकल की गाड़ियां बंधवाड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पहुंचीं, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। आग फैलने के बाद सेक्टर-29 फायर स्टेशन के अलावा उद्योग विहार, भीमनगर और सेक्टर-37 के फायर स्टेशन से एक-एक गाड़ी भेजी गई। इसके बाद दो और गाड़ियां भेजी गईं। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की सात टीमों ने आग पर काबू पाया। अब केवल कचरे से धुआं निकल रहा है। गर्मी के कारण इसे बुझने में समय लगेगा।
विज्ञापन
बंधवाड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में गुरुग्राम व फरीदाबाद जिलों के कूड़े का निस्तारण होता है। बताया जा रहा है कि कूड़े में कोई जलती हुई वस्तु आ गई होगी और तेज धूप व हवा के कारण ज्वलनशील कूड़े में आग लग गई। निगम अधिकारियों के अनुसार पुराने कूड़े के ढेर के नीचे मीथेन गैस बनने लगती है। ऐसे में हवा व ऑक्सीजन के संपर्क में आने पर कूड़ा आग पकड़ सकता है।
विज्ञापन
वर्जन
नगर निगम के एक्सईएन निजेश ने बताया कि ज्यादा तेज आग नहीं थी। ऐसे में आग पर जल्दी काबू पा लिया गया। कूड़े के ढेर में आग लगी थी, जिस कारण जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। यहां पर मशीनरी व मैनपावर सुरक्षित है।
वर्जन
फायर अधिकारी जयनारायण ने बताया कि आग बुझाने में कुछ समय लगा और सात दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। फिलहाल आग को बुझा दिया गया है। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
कई बार लग चुकी है कूड़े में आग
बंधवाड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट के कूड़े में पहले भी कई बार आग लग चुकी है। जुलाई 2021 में भी कूड़ा प्लांट में आग लगी थी। 13 गाड़ियों को माैके पर भेजा गया और लगभग पांच घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। वर्ष 2014 में कूड़ा प्लांट में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल विभाग ने तीन दिन तक कड़ी मशक्कत की थी। वर्ष 2022 में भी कूड़े के पहाड़ में आग लगी थी, जिसे दो दिन में बुझाया जा सका था। 23 अप्रैल 2024 को आग को बुझाने के लिए सात पोकलैंड मशीनें लगाई गई थीं और 12 घंटे में आग बुझ पाई थी। गर्मी के मौसम में कूड़े के पहाड़ों में लगातार आग लगने से स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगती है।