गुरुग्राम। जिले की सड़काें पर यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रोजाना 10 हजार से अधिक वाहनों के चालान काट रही है। 19 अक्तूबर को पुलिस ने 11,582 वाहनों के चालान काटे हैं। इनमें बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवर स्पीड, गलत दिशा, नो पार्किंग सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा मैन्युअली स्तर के साथ ही कैमरों के माध्यम से सड़कों पर यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर निगरानी की जा रही है। 19 अक्तूबर को काटे गए कुल 11,582 चालान में से गलत पार्किंग के 3,279 चालान, गलत दिशा में वाहन चलाने के 841 चालान और हाईवे व एक्सप्रेसवे पर लेन बदलने संबंधी उल्लंघनों के 679 चालान शामिल हैं। मंगलवार को पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाले 131 वाहनों को जब्त किया है। वहीं, अक्तूबर माह के 19 दिनों के दौरान यातायात पुलिस ने नो एंट्री को लेकर भी सख्ती बरती हुई है। एक अक्तूबर से 19 अक्तूबर तक कुल 1,605 वाहनाें के चालान काटे गए हैं। इस दौरान द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) सहित शहर के अन्य प्रमुख सड़क मार्गों पर विशेष निगरानी व जांच अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस के प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो