गुरुग्राम। जिले में बृहस्पतिवार को 82 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जब कि 104 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। वहीं, संक्रमण के कारण एक मरीज की मौत भी हुई। जिले में अब स्वस्थ होने वालों की संख्या 56152 तक पहुंच गई है। अब तक जिले में 57264 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं जबकि 346 संक्रमितों की संक्रमण के कारण मौत भी हुई है। पिछले करीब एक माह से कोरोना संक्रमण के मामले में जिले के हालात काफी सुधर गए हैं।
तेजी से स्वस्थ होने से सक्रिय मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या कम होकर 766 रह गई है, जिसमें से 688 मरीज होम आइसोलेट हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, होम आइसोलेट मरीजों में से भी करीब 93 फीसदी मरीजों की हालत ठीक बताई जा रही है। जिले में स्वस्थ होने वालों की संख्या जिस तेजी से बढ़ रही है, उसी अनुपात में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी घट रहा है। वहीं, रिकवरी रेट भी लगातार पहले के मुकाबले बेहतर हो रहा है। बृहस्पतिवार को जिले में 3196 लोगों की कोविड जांच की गई, जिसमें से 2768 लोगों की आरटी-पीसीआर व 428 लोगों की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई। इसी के साथ जिले में अब तक हुई कुल जांच की संख्या 685308 तक पहुंच गई है, जिसमें से 56152 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।