जनता की सलाह से सरकार सुधारेगी दिल्ली की आबोहवा
- दिल्ली सरकार पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए रायशुमारी कराने जा रही है
- एक मेल आईडी जारी कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों से अपील की है कि वे दमघोंटू हवा से बचने के लिए 12 सितंबर तक अपनी राय दे सकते हैं
- बेहतरीन मॉडल पर दिल्ली सरकार काम करेगी
विस्तार
दिल्ली सरकार पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए रायशुमारी कराने जा रही है। एक मेल आईडी जारी कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों से अपील की है कि वे दमघोंटू हवा से बचने के लिए 12 सितंबर तक अपनी राय दे सकते हैं। बेहतरीन मॉडल पर दिल्ली सरकार काम करेगी।
दिल्ली सचिवालय में शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने बताया कि बीते पांच सालों में दिल्ली का प्रदूषण स्तर 25 फीसदी घटा है। वहीं, साल भर में खराब आबोहवा वाले दिनों की संख्या में भी गिरावट आई है।
दिल्ली सरकार के अलावा केंद्र सरकार, नगर निगम, ईपीसीए समेत दूसरी एजेंसियों की तरफ से उठाए गए बेहतर कदम से प्रदूषण स्तर कम हुआ है।। इस मौके पर केजरीवाल ने छह बेहतरीन प्रयासों की चर्चा की, जिससे प्रदूषण में कमी आई है।
केजरीवाल ने बताया कि हर साल 25 अक्तूबर से 20 नवंबर के बीच पड़ोसी राज्यों में पराली जलने से जिस तरह दिल्ली गैस का चैंबर बन जाता है, उसे कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता। दूसरे राज्य इसे रोकने पर काम कर रहे हैं, लेकिन कोई सीधी भूमिका न होने के बावजूद दिल्ली सरकार हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकती।
केजरीवाल के मुताबिक, वायु प्रदूषण बढ़ने पर दिल्ली सरकार अपनी तरफ से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत जरूरी कदम उठाएगी। साथ ही लोगों से रायशुमारी भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्लीवासी CM4cleanair@gmail.com पर 12 सितंबर तक इस मसले पर सुझाव दे सकते हैं। जरूरी होने पर दिल्ली सरकार उस पर काम भी करेगी।
चार कदम, जिससे सुधरा प्रदूषण
1 . 24 घंटे की बिजली सप्लाई: मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते पांच सालों में पॉवर कट 90 फीसदी तक हुआ है। पहले हर साल 11.7 करोड़ यूनिट का पॉवर कट होता था। फिलहाल यह आंकड़ा 1.7 करोड़ यूनिट रह गया है। इससे डीजल के जेनसेट का इस्तेमाल लगभग बंद है। इससे प्रदूषकों की संख्या में कमी आई है।
2 . ईस्टर्न पेरिफेरल चालू : केजरीवाल ने बताया कि ईस्टर्न पेरिफेरल चालू होने के बाद 30 फीसदी ट्रक दिल्ली में प्रवेश नहीं करता। इससे करीब सात फीसदी प्रदूषण में कमी आई है।
3 . पॉवर प्लांट बंद व निर्माण स्थलों पर सख्ती : केजरीवाल के मुताबिक, राजघाट व बदरपुर पावर प्लांट बंद कर दिया गया है। वहीं, निर्माण स्थलों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। एक साल में आठ करोड़ की पेनाल्टी लगाई गई हे।
4 . वन क्षेत्र का विस्तार: केजरीवाल का कहना है कि एक तरफ पूरे देश में वन क्षेत्र घट रहा है, लेकिन दिल्ली में यह बढ़ने की तरफ है। 2015 के 20.2 प्रतिशत से बढ़कर 2016 में 20.6 फीसदी हो गया।
आने वाले समय में होगा सुधार
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि 4000 और बसों के सड़क पर उतरने से भी सुधार आएगा। वहीं, ई-वाहन नीति भी जल्द ही नोटिफाई होगी। इससे भी वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी।