DDCA घोटाले की जांच करेंगे गोपाल सुब्रमणियम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) में घोटाले की जांच के लिए दिल्ली सरकार जल्द जांच आयोग गठित करेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि जांच आयोग की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल सुब्रमणियम ने स्वीकार कर ली है।
मुख्यमंत्री के ट्वीट से अब साफ हो गया है कि जल्द ही जांच आयोग की अधिसूचना दिल्ली सरकार जारी कर देगी। हालांकि आयोग गठन में उपराज्यपाल की अनुमति लिए जाने को लेकर असमंजस बरकरार है।
सीएनजी वाहन फिटनेस घोटाला मामले में जांच आयोग के गठन को केन्द्र सरकार ने अवैध घोषित कर दिया था। दिल्ली सरकार को डीडीसीए में भ्रष्टाचार की शिकायत क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी की अगुवाई में आए प्रतिनिधि मंडल से मिली थी।
सीबीआई के डर से जांच में दिल्ली सरकार पीछे नहीं हटेगी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से क्रिकेटर्स के प्रतिनिधि मंडल ने दो-तीन बार मुलाकात भी की। कई सबूत पेश किए। उसके बाद सतर्कता सचिव चेतन बी सांघी की अगुवाई वाली कमेटी ने शिकायत पर जांच की। जांच कमेटी ने कई सिफारिशें दी थीं।
उसके बाद चेतन बी सांघी के खिलाफ डीएसआईआईडीसी में घपलेबाजी की शिकायत का हवाला देकर भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की तरफ से एफआईआर दर्ज किए जाने और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेन्द्र कुमार के दफ्तर में सीबीआई के छापे को लेकर मुद्दा तेजी से उठा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले में सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोला और अरुण जेटली पर गंभीर आरोप लगाए। केजरीवाल ने उसी दिन कहा था कि जांच कमेटी की रिपोर्ट की फाइल उसी कमरे में थी, जिसमें सीबीआई ने छापा मारा था।
हम जांच आयोग गठित करने जा रहे थे इसलिए छापा वहीं मारा गया। सीबीआई ने वो फाइलें पढ़ीं। लेकिन केजरीवाल डरने वाला नहीं है। फिर रविवार को मनीष सिसोदिया ने भी साफ किया कि सीबीआई के डर से जांच में दिल्ली सरकार पीछे नहीं हटेगी।