बलजीत ने बुलाया था: युवती को नौकरी लगवाने के नाम पर ले गया फ्लैट, नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर साथी संग लूटी अस्मत
युवती उबर कैब करके इंडिया बुल सोसाइटी पहुंची। यहां उसे बलजीत 107 नंबर के फ्लैट में ले गया। बलजीत ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी और कहा कि वह यहीं बैठे इंटरव्यू लेने के लिए सर यहीं आएंगे।
विस्तार
गुरुग्राम के बजघेड़ा थाना क्षेत्र में नौकरी के बहाने युवती को बुलाकर उसे नशीला पेय देकर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को कैब द्वारा उसके घर भी छुड़वाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश मूल की 20 वर्षीया युवती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह दिल्ली में अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रहती है। करीब दो महीने पहले युवती की दोस्ती निक्की नामक युवती से हुई। इसके बाद निक्की उसे 16 फरवरी को एक पार्टी में गुरुग्राम के सेक्टर-110 स्थित इंडिया बुल सोसाइटी ले आई।
यहां उसकी मुलाकात बलजीत से हुई और दोनों ने अपने फोन नंबर शेयर किए। कुछ दिन बाद फोन पर बलजीत से बातचीत हुई तो युवती ने उसे बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते उसने अपनी पढ़ाई छोड़ दी है और वह जॉब की तलाश में है। इस पर बलजीत ने उसे आश्वासन दिया कि वह उसकी जॉब लगवा देगा और वह अपनी ओपन से पढ़ाई जारी रखे। इसके बाद 11 मार्च को बलजीत ने उसे शाम चार बजे बुलाया और कहा कि उसकी जॉब लग जाएगी और साक्षात्कार भी हो जाएगा।
युवती उबर कैब करके इंडिया बुल सोसाइटी पहुंची। यहां उसे बलजीत 107 नंबर के फ्लैट में ले गया। बलजीत ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी और कहा कि वह यहीं बैठे इंटरव्यू लेने के लिए सर यहीं आएंगे। कुछ देर बाद युवती का सिर चकराने लगा और इस बीच एक व्यक्ति भी आ गया।
बलजीत और उस व्यक्ति ने ड्रिंक की और युवती को कोल्ड ड्रिंक दी। थोड़ी देर युवती को नशा हो गया और दोनों ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता को जब थोड़ा होश आया तो आरोपियों ने उसके ही फोन से कैब बुक कर उसे घर भेज दिया।
पीड़िता ने रविवार सुबह अपनी बहन को सब कुछ बताया। युवती को लेकर उसकी बहन पहले एक एनजीओ में गई, उसके बाद एनजीओ के पदाधिकारियों के साथ थाना पहुंची। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।