पंचायत ने युवक को पिटवाया: युवती ने डेढ़ मिनट में युवक के चेहरे पर मारी 15 चप्पल, कपड़े भी उतरवाए
13 अगस्त को पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में युवती ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी। जिसे दिखाकर लगातार उस पर शादी का दबाव बनाया जा रहा था। शादी से मना करने पर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती की वीडियो वायरल करने के मामले में पंचायत ने युवक को चप्पलों से पीटने का फरमान सुनाया। युवती ने युवक के मुंह पर 15 चप्पले मारी। इतना ही नहीं युवक को अर्धनग्न भी किया गया। पुलिस को इस मामले की भनक तक नहीं लग सकी। जबकि पंचायत से एक दिन पहले ही युवती ने मुकदमा भी दर्ज करा दिया था।
13 अगस्त को पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में युवती ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी। जिसे दिखाकर लगातार उस पर शादी का दबाव बनाया जा रहा था। शादी से मना करने पर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। काफी मन्नते की लेकिन आरोपी युवक नहीं माना उसने वीडियो वायरल कर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। मामला गांव का होने के चलते आपसी सुलह की बात उठने लगी। इस पर 14 अगस्त को गांव में पंचायत रखी गई। जिसमें युवक को सरेआम चप्पले मारने का फरमान जारी हुआ। युवक हाथ नीचे करे खड़ा रहा, डेढ़ मिनट की वीडियो में युवती ने युवक को करीब 15 चप्पले उसके चेहरे पर मारी।
इतना ही नहीं युवती के एक परिजन ने युवक की शर्ट भी उतार दी। सरेआम गांव में इस तरह की घटना हुई, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। आश्चर्य की बात यह है कि बहादुरगढ़ थाना में छेड़छाड़, वीडियो वायरल करने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज है, लेकिन पुलिस ने आरोपी को नहीं पकड़ा। यही कारण रहा कि गांव में पंचायत में युवक को पीटा गया। बताया जा रहा है कि पिटाई के बाद से युवक दिमागी तौर पर परेशान है, जिसे अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।
महिला से अभद्रता का वीडियो हुआ वायरल
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव नंगलाबड़ में दरोगा द्वारा महिलाओं से अभद्रता भाषा में बात किए जाने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें दरोगा महिलाओं को डांट रहा है।
मुकदमा हो चुका है दर्ज, पंचायत का मामला संज्ञान में नहीं
इस मामले में युवती की तहरीर पर पहले ही रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। गांव में पंचायत का मामला जानकारी में नहीं है। मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। -मुकेश मिश्र, एएसपी