{"_id":"6895f15fbed1736731066965","slug":"sara-singh-death-case-cross-examination-of-independent-witness-completed-in-cbi-court-ghaziabad-news-c-30-1-gbd1012-695181-2025-08-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"सारा सिंह मौत प्रकरण: स्वतंत्र गवाह से सीबीआई कोर्ट में जिरह पूरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सारा सिंह मौत प्रकरण: स्वतंत्र गवाह से सीबीआई कोर्ट में जिरह पूरी
विज्ञापन
विज्ञापन
- सीबीआई कोर्ट 22 अगस्त को करेगी सुनवाई
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी की पत्नी सारा सिंह की मौत के प्रकरण में शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत में स्वतंत्र गवाह के तौर पर पेश हुए ओरिएंटल बैंक के शाखा प्रबंधक प्रकाश चंद माहेश्वरी से बचाव पक्ष के वकीलों ने लंबी जिरह की। जिरह पूरी होने के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 अगस्त की तारीख निर्धारित की है।
सीबीआई द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार नौ जुलाई 2015 को अमनमणि त्रिपाठी पत्नी सारा सिंह के साथ निजी कार से दिल्ली जा रहे थे। यात्रा के दौरान फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज इलाके में कार एक कथित दुर्घटना का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में सारा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अमनमणि को कोई चोट नहीं आई थी। इस हादसे के बाद सारा की मां सीमा सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए अमनमणि त्रिपाठी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने मामले की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की थी, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वीकार करते हुए सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी थी। तब से यह मामला सीबीआई कोर्ट में विचाराधीन है। शुक्रवार को हुई सुनवाई में प्रकाश चंद माहेश्वरी नामक स्वतंत्र गवाह से बचाव पक्ष के वकीलों ने सवाल किए और अपनी दलीलें प्रस्तुत कीं। कोर्ट ने यह कार्यवाही पूरी मानते हुए अगली सुनवाई की तिथि तय कर दी है।
विज्ञापन
----------