दिल्ली-यूपी बोर्ड पर मुठभेड़: बदमाशों के सरगना को लगी गोली, अनस पर 30 मुकदमे; हेलमेट पहन दिनदहाड़े मचाता आतंक
शालीमार गार्डन पुलिस ने राजेंद्र नगर डीएवी स्कूल के पास चेन और फोन लूटने वाले बदमाशों का सरगना को दबोच लिया। सरगना अनस के पास से तमंचा कारतूस और चोरी की बाइक बरामद हुई है।
विस्तार
एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मुठभेड़ में घायल अनस पुत्र नफीस निवासी राजीव कॉलोनी डीएलएफ थाना शालीमार गार्डन को गिरफ्तार किया है। उसे शनिवार रात 12 बजे के बाद टीम ने ईएसआईसी अस्पताल के सामने चेकिंग के दौरान रोका था। तभी उसने पुलिस पार्टी पर तमंचे से फायरिंग कर दी और राम मनोहर लोहिया पार्क की तरफ बाइक से भागने लगा।
टीम ने तुरंत वायरलेस पर मैसेज थाने में बदमाश के भागने की सूचना दी। पुलिस टीम ने दोनों तरफ से घेराबंदी करते हुए अनस को दव स्कूल के गेट नंबर 3 की तरफ घेर लिया। वह तेज रफ्तार में बाइक से चलने से सड़क पर गिर पड़ा। पैर में गोली लगने से घायल अनस को टीम ने तुरंत पकड़ कर उसकी तलाशी ली। जिसमें एक तमंचा 315 बोर, कारतूस, चोरी की बाइक और विभिन्न लूट की घटनाओं से संबंधित ढाई हजार रुपए बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह चेन और फोन लूटने वाले गिरोह का सरगना है। दिनदहाड़े लूट की घटना करने के लिए वह भी अपने साथियों के साथ हेलमेट पहनकर बाइक पर साथ चलता था। घटना के दौरान यदि वह पुलिस को पीछा करते देख लेता था तो पहचान के बाद पकड़े जाने से डर से बाइक के नंबर प्लेट को छिपा देता था।
एसीपी के मुताबिक, अनस पिछले चार-पांच सालों से दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में लूट की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। उसके खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के 30 मुकदमे दर्ज हैं।