{"_id":"6aa31374fbd66b069f0a8dbc","slug":"patients-accused-the-doctor-of-accepting-money-for-the-operation-and-prescribing-medicines-from-outside-sources-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-974358-2026-09-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad News: मरीजों ने डॉक्टर पर रुपये लेकर ऑपरेशन और बाहर की दवा लिखने का लगाया आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad News: मरीजों ने डॉक्टर पर रुपये लेकर ऑपरेशन और बाहर की दवा लिखने का लगाया आरोप
विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। संयुक्त जिला अस्पताल संजयनगर के निरीक्षण के दौरान मरीजों की शिकायतों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। उत्तर प्रदेश विधानसभा की सरकारी आश्वासन संबंधी समिति के सदस्यों के सामने भर्ती मरीज ने एक डॉक्टर पर रुपये लेकर ऑपरेशन करने का आरोप लगाया। वहीं एक तीमारदार ने ओपीडी में बैठने वाले डॉक्टर पर बाहर की दवाएं लिखने की शिकायत की। समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा है।
बुधवार को सरकारी आश्वासन संबंधी समिति ने जिले में विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद शाम करीब छह बजे समिति संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल पहुंची। सदस्यों ने ट्रामा सेंटर, आर्थोपेडिक वार्ड और अन्य विभागों का निरीक्षण किया। ट्रामा सेंटर में कुत्ते के काटने से घायल बच्चा भर्ती था। समिति के सदस्यों ने बच्चे की जानकारी लेने के बाद उसे जल्द उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने के निर्देश दिए। इसके बाद समिति आर्थोपेडिक वार्ड पहुंची और भर्ती मरीजों से इलाज और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसी दौरान एक मरीज ने डॉक्टर पर रुपये लेकर ऑपरेशन करने का आरोप लगाया। एक तीमारदार ने ओपीडी में तैनात डॉक्टर पर बाहर की दवाएं लिखने की शिकायत की। शिकायतों पर समिति के सदस्यों ने नाराजगी जताई और अस्पताल अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
समिति ने स्त्री एवं प्रसूति विभाग समेत अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया। अस्पताल की व्यवस्थाओं में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। समिति दवा भंडार और रसोई से संबंधित स्टॉक बुक भी अपने साथ ले गई।
विज्ञापन
अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि मरीजों की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में संबंधित डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।