{"_id":"571514664f1c1b4b6e8b47cd","slug":"metro-was-the-only-flower-in-one-hour-parking","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक घंटे में ही फुल हुई मेट्रो पार्किंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक घंटे में ही फुल हुई मेट्रो पार्किंग
ब्यूरो/अमर उजाला, गाजियाबाद
Updated Tue, 19 Apr 2016 01:06 AM IST
विज्ञापन
parking
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में दोबारा ऑड ईवन फार्मूला शुरू होने से हॉट सिटी के लोगों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई। सोमवार को सबसे ज्यादा परेशानी पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने में हुई। सुबह एक घंटे में ही मेट्रो स्टेशन की पार्किंग फुल हो गई। दोपहर के समय जीडीए की मल्टीलेवल पार्किंग भी फुल दिखी। पार्किंग में खड़ी कारों में ज्यादातर कारें ऑड नंबर की थीं।
विज्ञापन
दिल्ली में ऑड ईवन फॉर्मूला लागू होने से सोमवार को टीएचए के लोग अपनी गाड़ी दिल्ली ले जाने से परहेज करते रहे। उन्होंने मेट्रो और डीटीसी बसों का सहारा लिया। लोग घरों से अपनी कार से निकले और कार को पार्किंग में खड़ी कर मेट्रो और बसों से अपने ऑफिस तक पहुंचे।
विज्ञापन
इसकी वजह से सुबह नौ बजे ही वैशाली और कौशांबी मेट्रो स्टेशन की पार्किंग फुल हो गई। इसके बाद लोगों ने स्टेशन के आसपास बनी अवैध पार्किंग का रुख किया। जीडीए की पार्किंग भी दोपहर 12 बजे तक फुल हो गई थी।
विज्ञापन
डीएमआरसी के पीआरओ अनुज दयाल ने बताया कि ऑड ईवन फॉर्मूले के चलते लोग गाड़ी मेट्रो स्टेशनों पर खड़ी कर मेट्रो से दिल्ली गए। इसके चलते दोनों स्टेशनों की पार्किंग फुल हो गई।
पुलिस की चेकिंग देख कार चालकों ने लिया यूटर्न
ऑड ईवन को सफल बनाने के लिए आनंद विहार और यूपी गेट पर सोमवार को दिल्ली पुलिस सुबह से ही तैनात रही। ऑड नंबर की कार देखते ही उनके चालान काटे जा रहे थे। कुछ लोगों ने बार्डर से कार निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस देखकर उनकी हिम्मत नहीं हुई। वह यूटर्न लेकर लौट गए। पुलिस ने काफी संख्या में कार चालकों के चालान काटे।
जीडीए पार्किंग का चार्ज ज्यादा
जीडीए की मल्टीलेवल पार्किंग लोगों का बजट बिगाड़ सकती है। पार्किंग में शुरू के छह घंटे के लिए 50 रुपये चार्ज किए जाते हैं। इसके बाद हर घंटे के लिए 10 रुपये चार्ज किए जा रहे हैं। एक दिन गाड़ी खड़ी करने पर लोगों को 100 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं।
पार्किंग में क्षमता से अधिक गाड़ियां खड़ी की गईं
वैशाली मेट्रो पर मल्टी लेवल पार्किंग की क्षमता करीब 500 गाड़ियों की है। रोजाना 400 कार मल्टी लेवल पार्किंग में खड़ी होती हैं, लेकिन ऑड ईवन की वजह से सोमवार को 500 के करीब गाड़ियां पार्किंग में खड़ी हुईं। वहीं मेट्रो स्टेशन पर अवैध पार्किंग में भी 100 से अधिक गाड़ियां खड़ी हुईं।
मेट्रो महालक्ष्मी टॉवर के आसपास पार्किंग में भी 50 से 60 कार खड़ी की जाती हैं। यह सभी पार्किंग फुल रही। वहीं कौशांबी मेट्रो पार्किंग में करीब 250 से 300 गाड़ियां खड़ी हो सकती हैं, लेकिन गाड़ियों की संख्या अधिक होने से पार्किंग संचालकों ने सर्विस रोड से आगे तक कब्जा कर गाड़ियां खड़ी कराईं।