Video: मीट की दुकान बंद कराने पहुंचे लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, बोले- मालिक भागे तो गोली मार देना
दुकानों के मालिकों को पकड़ते समय अपने समर्थकों से यह तक कह दिया कि अगर मालिक भागे तो गोली मार देना। इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर वायरल हुआ।
विस्तार
गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित टीलामोड़ थाना क्षेत्र के फरुखनगर गांव में बृहस्पतिवार को लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर मांस की दुकानों को बंद कराने पहुंच गए। बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ विधायक ने एक-एक कर कई दुकानों को बंद कराया। दुकानों के मालिकों को पकड़ते समय विधायक ने अपने समर्थकों से कहा कि अगर भागे तो गोली मार देना। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस दौरान विधायक नंदकिशोर ने मांस की एक दुकान के मालिक को पकड़कर खुद ही चौकी ले गए और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
वायरल वीडियो में विधायक दुकानदारों से पूछ रहे हैं कि आखिर हिंडन एयरफोर्स और मंदिर के पास मांस की दुकान कैसे खुल गई। विधायक के आने पर आसपास के मांस बेचने वाले दुकानदार भी अपनी दुकानों पर ताले लगाने लगे। वीडियो में विधायक अपने समर्थकों से बोलते हुए दिख रहे हैं कि मांस की दुकान चलाने वाले दुकानदार को पकड़ो और अगर मालिक भागे तो गोली मार देना। इसके बाद समर्थकों के साथ एक दुकानदार को पकड़कर पुलिस चौकी लेकर गए।
पुलिस चौकी पहुंचने के बाद विधायक सबसे पहले चौकी इंचार्ज के बारे में पूछते हैं। चौकी इंचार्ज थाने में मौजूद नहीं थे। अन्य पुलिसकर्मियों से पूछते हैं कि हिंडन एयरफोर्स पास में है। ऐसे में वहां मांस की दुकान कैसे खुल गई। विधायक ने कहा कि मेन रोड पर मंदिर भी है। नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी इन सभी दुकानों पर कार्रवाई करें। ऐसा न करने पर वह शासन से मामले की शिकायत करेंगे। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है, जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।