{"_id":"6a9b20bc47adb883770a0300","slug":"krishna-janmotsav-celebrated-with-great-enthusiasm-amidst-heavy-rain-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-969489-2026-09-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad News: झमाझम बारिश के बीच कृष्ण जन्मोत्सव की रही धूम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad News: झमाझम बारिश के बीच कृष्ण जन्मोत्सव की रही धूम
विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। झमाझम बारिश के बीच शुक्रवार को जिलेभर में उत्साहपूर्वक जन्माष्टमी का उत्सव मनाया गया। ''''हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की'''' के जयकारों के साथ मंदिर और सोसायटी गुंजायमान हो गईंं। सभी प्रमुख मंदिरों में जन्माष्टमी पर विशेष सजावट हुई और फूलों से कान्हा जी का शृंगार किया गया। कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम तो कहीं कान्हा-राधा की झाकियों सहित भजन संध्या का आयोजन हुई। मंदिरों से कान्हा जन्म और पूजन का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
मंदिरों में बालगोपाल को सुंदर पोशाक पहनाकर रत्नजड़ित झूलों में विराजमान कराया गया। आधी रात को दूध, दही, शहद, घृत और गंगाजल से बने पंचामृत से भगवान का महाअभिषेक किया गया। महाआरती के बाद भक्तों ने कन्हाई को झूला-झुलाकर पुण्य लाभ कमाया। श्रद्धालुओं में पंचामृत और धनिया की पंजीरी का प्रसाद वितरित किया गया। दूधेश्वरनाथ मंदिर में दिल्ली, मेरठ गाजियाबाद से आई झांकियां प्रस्तुत की गईं और भजन संध्या भी हुई। कविनगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भी धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया गया और स्वंभू मंदिर में शाम से पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। इसके अलावा विभिन्न सोसायटियों में जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। राजनगर एक्सटेंशन की सभी सोसायटी के मंदिरों में, क्राॅसिंग रिपब्लिक की सभी सोसायटी, पंचशील प्राइमरोज, गौड़ होम्स, राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव में पूजन-आरती और श्रीकृष्ण जन्म की बधाईयां बजीं। निलाया ग्रीन्स सोसायटी में झांकियों सहित बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विज्ञापन
सुबह चार बजे से इस्कॉन में शुरू हुई पूजा
इस्कॉन मंदिर में सुबह से पूजन और आरती हुई और रात को 12:00 बजे के बाद श्रीकृष्ण जन्म होने पर प्रसाद वितरित किया गया। शाम सात बजे से लड्डू गोपाल का अभिषेक किया गया और नौ बजे के बाद श्रीकृष्ण एवं राधा-रानी का अभिषेक हुआ। पूजन के बाद रात को 12:30 बजे भक्तों को प्रसाद बांटा गया। पूजन का सीधा प्रसारण यूट्यूब और फेसबुक पेज पर किया गया। वहीं, दूधेश्वरनाथ मंदिर में रात को श्रीकृष्ण जन्म के बाद प्रसाद वितरण हुआ। दिल्ली गेट देवी मंदिर परिसर स्थित मंदिर में श्री ठाकुरजी सत्संग मंडल ने जन्माष्टमी का आयोजन किया। भक्तों ने पूजन आरती की और पालने में विराजमान कान्हाजी को झूला झुलाया।
विज्ञापन
चांदी के झूले में कान्हा को झुलाया
श्री ठाकुरद्वारा टैंपल एसोसिएशन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। रात 12 बजे के बाद कन्हैया के जन्म के बाद प्रसाद वितरित हुआ। इस दौरान मंदिर परिवार के सदस्यों ने प्रभु का गुणगान किया। कान्हा जी को चांदी के बने पालना में झूला झुलाया गया और भक्तों ने पुष्प वर्षा की। इस दौरान मंदिर समिति के प्रधान ज्ञान प्रकाश गोयल, दिनेश गोयल, नरेश गर्ग, अश्वनी मित्तल, विभोर गोयल, प्रदीप गर्ग,अशोक गोयल मौजूद रहे।
केंद्रीय आर्य युवक परिषद ने मनाई जन्माष्टमी
केंद्रीय आर्य युवक परिषद ने आर्य समाज गोविंदपुरम में जन्माष्टमी मनाई। बड़ौत के भजनोपदेशक आचार्य चंद्रपाल शास्त्री ने श्रीकृष्ण का गुणगान किया। इस मौके पर पंडित कृपाल वर्मा, नरेंद्र पांचाल, पूनम चौधरी, प्रवीण आर्य, ओमवीर सिंह, मुरारी लाल सहित अन्य मौजूद रहे।