Ghaziabad News: कार की सनरूफ से हवाई फायरिंग करने वाले तीन युवक गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने बताया कि इनके पास से बरामद की गई लाइसेंसी रिवाल्वर उत्कर्ष के चाचा की है और कार उसके पिता की है। पूछताछ में चारों ने बताया कि रील बनाने के लिए फायरिंग की थी। सभी आपस में दोस्त हैं।
विस्तार
गाजियाबाद में राजनगर एक्सटेंशन में चार युवकों ने कार की सनरूफ खोलकर हवाई फायरिंग कर रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक बीटेक का छात्र भी है। वीडियो बनाने में इस्तेमाल की गई कार और लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर ली है। इनका एक साथी अभी फरार है।
एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे ने बताया कि सोमवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में चार युवक एक कार में सवार होकर हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दिए। जांच में वीडियो राजनगर एक्सटेंशन का पाया गया। एसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी गौतमबुद्धनगर निवासी सौरभ, दिल्ली मंडावली निवासी अर्जुन और राजनगर एक्सटेंशन की सिग्नेचर होम्स सोसायटी निवासी उत्कर्ष है, जबकि इनका साथी साहिल अस्पताल में भर्ती है। उसे पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने बताया कि इनके पास से बरामद की गई लाइसेंसी रिवाल्वर उत्कर्ष के चाचा की है और कार उसके पिता की है। पूछताछ में चारों ने बताया कि रील बनाने के लिए फायरिंग की थी। सभी आपस में दोस्त हैं। उत्कर्ष बीटेक का छात्र है जबकि सौरभ और अर्जुन अपने पिता के साथ कारोबार करते हैं।