हापुड़। नगर पालिका की ओर से शहर के छह मोहल्लों में पेयजल और सीवर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। सड़कों के निर्माण से पहले पाइप लाइन बिछाने को लेकर टेंडर निकाला गया है। इससे सैकड़ों परिवारों की पेयजल और सीवर संबंधित समस्या का समाधान हो सकेगा। पालिका की ओर से करीब 35 लाख रुपये से पाइप लाइन डाली जाएगी। 7.40 लाख रुपये से मोहल्ला आर्यनगर में मूलचंद त्यागी के मकान से आटा चक्की तक और आसपास की गलियों में पुरानी चौक सीवर लाइन के स्थान पर नई 200 एमएम पीवीसी व 160 एमएम पीवीसी सीवर पाइप लाइन बिछाए जाने, 5.98 लाख रुपये से स्वर्ग आश्रम रोड पर रामवाटिका के सामने वैशाली कालोनी में 110 एमएम नई एचडीपीई पेयजल लाइन बिछाने का कार्य होगा।
इसके अलावा 11.89 लाख से कोठी गेट पर मिनी नलकूप से अरजेंटी मस्जिद तक नई 160 एमएम पीवीसी व कैलाश गंगा भवन वाली गली में 110 एमएम पीवीसी पेयजल पाइप लाइन बिछाने और 8.61 लाख रुपये से मोहल्ला इंद्रलोक व भगवानपुरी में 110 एमएम नई एचडीपीई पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य कराया जाएगा। इससे लंबे समय से जारी स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान हो सकेगा। मामले में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि मोहल्लों में सीवर और पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य होना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।