Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   Contractor killed, eight injured after shuttering collapses at a warehouse under construction

Ghaziabad News: निर्माणाधीन गोदाम की शटरिंग गिरने से ठेकेदार की मौत, आठ घायल

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 08 Nov 2026 12:18 AM IST
विज्ञापन
Contractor killed, eight injured after shuttering collapses at a warehouse under construction
मोदीनगर के सीकरी खुर्द में निर्माणाधीन लेंटर गिरने के बाद मलबा हटाती एनडीआरएफ की टीम। संवाद
मोदीनगर। कलछीना मार्ग स्थित गांव सीकरी खुर्द में निर्माणाधीन गोदाम का लिंटर डालते समय शटरिंग गिर गई। मलबे में दो ठेकेदारों समेत नौ लोग दब गए। हादसे में शटरिंग ठेकेदार गौरीशंकर उर्फ छोटू (31) की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
विज्ञापन

आरोप है कि करीब 18 फीट की ऊंचाई पर बन रहे 40 फीट लंबे और 30 फीट चौड़े गोदाम के लिंटर के लिए पर्याप्त जैक नहीं लगाए गए थे। ठेकेदार पर बिना जैक के ही शटरिंग लगाने का दबाव बनाया गया था। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे और गोदाम मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीएचसी के सामने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के काफी समझाने पर लोग शांत हुए।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, गांव सीकरी खुर्द निवासी सत्ते सिंह किसान हैं। वह पशुओं का चारा बेचने का कारोबार करते हैं। कलछीना-सीकरी मार्ग पर भूसा रखने के लिए गोदाम का निर्माण करा रहे थे। शटरिंग का ठेका भोजपुर के फरीदनगर निवासी 31 वर्षीय गौरीशंकर उर्फ छोटू के पास था, जबकि निर्माण कार्य का ठेका मोदीनगर की नंदनगरी निवासी पप्पू को दिया गया था। दोनों शनिवार सुबह मजदूरों के साथ लिंटर डलवा रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

गौरीशंकर के पिता कैलाश के मुताबिक, सुबह करीब नौ बजे शटरिंग पर लिंटर की सामग्री डालना शुरू किया गया। करीब तीन ट्रक सामग्री ऊपर डाली जा चुकी थी। इसी दौरान शटरिंग में लगी एक बल्ली टूट गई। इसके बाद दीवार, पूरी शटरिंग और सरियों का जाल नीचे आ गिरा। वहां काम कर रहे नौ लोग मलबे में दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी, एसडीएम कोमल पंवार, एसीपी सिद्धार्थ गौतम समेत कई थानों की पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और नगर पालिका की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि गैस कटर से सरियों को काटा गया और जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी नौ लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने गौरीशंकर को मृत घोषित कर दिया। घायलों में सोभी निवासी गांव पट्टी, नरेंद्र निवासी इशाकनगर, सचिन और दीपक निवासी मलियाना मेरठ, बबलू और बोबी निवासी भूपेंद्रपुरी मोदीनगर शामिल हैं। इसके अलावा नंदनगरी निवासी भाई पप्पू और मनोज भी घायल हुए हैं। दोनों राजमिस्त्री हैं। पप्पू और मनोज को हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, नरेंद्र को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
-----
बिना जैक के शटरिंग लगाने का बनाया दबाव
श्रमिक नरेंद्र ने गोदाम मालिक सत्ते सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शटरिंग लगाने के लिए लगभग 50 जैक की जरूरत थी, लेकिन गोदाम मालिक ने जैक लाने के लिए पैसे देने से मना कर दिया। आरोप है कि ठेकेदार गौरीशंकर ने बिना जैक के शटरिंग लगाने को खतरनाक बताते हुए आपत्ति जताई थी, लेकिन उस पर जुगाड़ के सहारे काम करने का दबाव बनाया गया। नरेंद्र का आरोप है कि ठेकेदार को धमकाकर बिना पर्याप्त जैक के शटरिंग लगवाई गई। कोई पिलर भी नहीं बनाया गया था। इसी लापरवाही के कारण हादसा हुआ।
----
ग्रामीण और एसीपी भी जुटे राहत व बचाव में
पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और नगर पालिका की टीमों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम भी बचाव दल के साथ मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटे रहे। ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। घटनास्थल के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई तो विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। घटनास्थल पर भीड़ जुटने से भी टीमों को परेशानी हुई।
----
ग्रैप-3 लागू, फिर भी चल रहा था निर्माण
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने के कारण ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू हैं। इसके तहत निर्माण और ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर रोक है। इसके बावजूद सीकरी खुर्द में गोदाम का निर्माण कार्य जारी था। ऐसे में सवाल उठता है कि प्रतिबंध के बावजूद निर्माण कार्य कैसे चल रहा था और संबंधित विभागों की निगरानी कहां थी।
----
परिजनों का आक्रोश फूटा, दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगाया जाम
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रमिकों के परिजन और परिचित मोदीनगर सीएचसी पहुंच गए। गौरीशंकर की मौत की जानकारी मिलने पर उनका आक्रोश फूट पड़ा। परिजन गोदाम मालिक सत्ते सिंह को मौके पर बुलाने, मृतक के परिवार को मुआवजा देने और घायलों को आर्थिक मदद दिलाने की मांग करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग नहीं माने। उन्होंने सीएचसी के सामने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दोनों तरफ जाम लगा दिया और सड़क पर धरने पर बैठ गए। कुछ महिलाएं सड़क पर लेट गईं। करीब 10 मिनट तक हंगामा और पुलिस से नोकझोंक होती रही। स्थिति संभालने के लिए भोजपुर और निवाड़ी थाने की पुलिस भी बुलानी पड़ी। बाद में पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया।
----
गौरीशंकर के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिवाली से ठीक एक दिन पहले हुए हादसे से गौरीशंकर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गौरीशंकर के परिवार में पत्नी रूबी, सात वर्षीय बेटा कृष्णा और दो बेटियां राखी व छवि हैं। पिता कैलाश भी मजदूरी करते हैं। परिजनों के मुताबिक, गौरीशंकर ही परिवार में कमाने वाले मुख्य सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सीएचसी पहुंचीं उनकी पत्नी, पिता और मां का रो-रोकर बुरा हाल था। वे कई बार बेहोश हो गए। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला।
----
विधायक बोलीं- समिति से कराएंगे जांच
विधायक डॉ. मंजू शिवाच और चेयरमैन विनोद वैशाली ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल भी जाना। विधायक ने कहा कि समिति का गठन कर जांच कराई जाएगी। मृतक के परिजनों की हरसंभव मदद की जाएगी।

----
मृतक के परिजनों को मुआवजा और घायलों का इलाज श्रम विभाग की ओर से कराने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक के बच्चों की मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत भी मदद की जाएगी।
-कोमल पंवार, एसडीएम मोदीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed