Ghaziabad: दिल्ली-गाजियाबाद से बच्चे चोरी कर देहरादून और बदायूं में बेचे, नेटवर्क का ऐसे हुआ खुलासा
देहरादून से बरामद बच्चे को उसके दिल्ली निवासी परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया जबकि बदायूं से बरामद बच्चे के परिजनों का पता नहीं चल सका है। उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश करने के बाद शिशु निकेतन भेजा जाएगा।
विस्तार
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी मुस्ताक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में वह मानव तस्कर निकला। उसने दिल्ली व गाजियाबाद से दो बच्चे चुराए और देहरादून व बदायूं में बेचे थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली से चोरी हुए बच्चे को देहरादून और गाजियाबाद से चुराए गए बच्चे को बदायूं से बरामद कर हरिद्वार ले आई।
देहरादून से बरामद बच्चे को उसके दिल्ली निवासी परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया जबकि बदायूं से बरामद बच्चे के परिजनों का पता नहीं चल सका है। उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश करने के बाद शिशु निकेतन भेजा जाएगा। बताया गया कि 21 अगस्त को लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने तहरीर दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति उसकी नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास शोभा लॉज में ले गया। वहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और दुष्कर्म किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो आरोपी का सुराग मिला।
मानव तस्कर निकला आरोपी
टीम ने आरोपी मोहम्मद मुस्ताक कादरी निवासी बदायूं को बुधवार को लक्सर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग से दुष्कर्म करना स्वीकार किया। उसके पास मिले दस्तावेज की जांच की गई तो पता चला कि वह मानव तस्कर है। पूछताछ करने पर आरोपी ने चौंकाने वाली बातें बताईं। उसने एक साल के बच्चे को दिल्ली बस अड्डे और दूसरे डेढ़ साल के बच्चे को गाजियाबाद से चोरी करने की बात स्वीकार की।
नहीं मिले दाम तो कटवा दीं उंगलियां
औलाद की चाहत पूरी करने के कारोबार में डेढ़ साल के मासूम की उंगलियां सिर्फ इसलिए काट दी गईं क्योंकि उसे खरीदने वाले दंपती को छह उंगलियों वाला बच्चा नहीं चाहिए। पुलिस के हत्थे चढ़े मुस्ताक ऐसा कर चुका है। मुस्ताक ने जून में गाजियाबाद से सवा साल का बच्चा चुराया जिसके दोनों हाथों में छह-छह उंगलियां थीं। इस कारण उसे बच्चे को बेचने में दिक्कत हो रही थी। बदायूं में बेचने के लिए सौदा किया।
लेकिन, खरीदार ने बच्चे के दोनों हाथ में छह-छह उंगली देखने के बाद सौदे से इंकार कर दिया। इस पर उसने बच्चे के दोनों हाथों की एक-एक उंगली कटवा दी। इसके बाद बच्चे का दस हजार रुपये में सौदा हो गया और उसकी पहचान भी छिप गई। पुलिस की गिरफ्त में सख्ती बरतने पर मुस्ताक ने इसका खुलासा किया तो पुलिसवाले भी हैरान रह हए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के मुताबिक बच्चे की उंगलियां आरोपी ने कहां कटवाई और किसने काटी, इसको लेकर भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मुस्ताक ने सितंबर माह में दूसरा बच्चा दिल्ली से चोरी किया था। उस बच्चे को उसने देहरादून में 45 हजार में बेचा था।