यूपी: गरीबों के पानी से करोड़ों की विला सोसाइटी की प्यास बुझाने की तैयारी, इस नगर पंचायत पर उठे सवाल; वीडियो
गाजियाबाद के डासना में निजी विला सोसाइटी को नगर पंचायत की ओर से पानी सप्लाई देने का मामला विवादों में है। वार्ड 15 के सभासद वसीम राजा ने आरोप लगाया कि अमृत 2.0 योजना के तहत आम जनता के लिए प्रस्तावित व्यवस्था से निजी प्रोजेक्ट को पानी दिया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि सप्लाई के बदले सोसाइटी से निर्धारित शुल्क वसूला जाएगा।
विस्तार
गाजियाबाद के डासना नगर पंचायत एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला गरीब जनता के पीने के पानी और करोड़ों रुपये की लागत से बन रही एक निजी विला सोसाइटी को पानी की सप्लाई देने से जुड़ा है। दरअसल, नगर पंचायत डासना के वार्ड नंबर 15 के सभासद वसीम राजा ने नगर पंचायत अध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर अधिशासी अधिकारी पर गम्भीर आरोप लगाए हैं।
विला प्रोजेक्ट के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन
शिकायत के मुताबिक, वार्ड नंबर 12 में राजगृह के पास एनएचएआई की सड़क किनारे खुदाई कर फोरेस्ट वॉक सोसाइटी के निर्माणाधीन विला प्रोजेक्ट के लिए पानी की पाइपलाइन डाली जा रही है। सभासद का आरोप है कि इसके लिए नगर पंचायत बोर्ड की अनुमति और सम्बंधित विभागों की एनओसी भी नहीं ली गई है।
'नगर निगम गरीब का पानी बिल्डर को उपलब्ध करा रहा'
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब डासना में अमृत 2.0 योजना के तहत जल निगम द्वारा गरीब और आम जनता के लिए पेयजल व्यवस्था का काम कराया जा रहा है, तो क्या किसी निजी बिल्डर की सोसाइटी को भी इस व्यवस्था से पानी उपलब्ध कराया जा सकता है? सभासद ने आरोप लगाया है कि फोरेस्ट वॉक सोसाइटी स्वीकृत डीपीआर में शामिल नहीं है।
अधिकारी बोले- टैक्स वसूलेंगे
उन्होंने पाइपलाइन का काम तत्काल रुकवाने और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल नगर पंचायत प्रशासन और जिला प्रशासन से है कि आखिर जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी या निजी प्रोजेक्ट को? शिकायत के बाद अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। उधर, अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सोसाइटी में जब तक पानी की व्यवस्था नहीं है तब तक नगर पंचायत द्वारा पानी सप्लाई दी जाएगी, उनसे पानी का सभी की तरह से टैक्स/पैसा वसूला जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
