कैसे गई सोनू की जान?: तीन दिन से लापता ऑटो चालक का गड्ढे में मिला शव, पोस्टमार्टम से खुल सकता है मौत का राज
दुहाई-सैंथली बाबा रोड पर 15 सितंबर को लापता ऑटो चालक सोनू त्यागी का शव गड्ढे में मिला। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, पुलिस सड़क हादसा मान रही है।
विस्तार
तीन दिन से लापता ऑटो चालक का शव मंगलवार को दुहाई-सैंथली बाबा रोड के पास करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस प्रथम दृष्टया सड़क हादसा मानकर मामले की जांच कर रही है।
मेरठ रोड स्थित राधेश्याम विहार फेज-1 निवासी सोनू त्यागी (45) पुत्र बाली राम त्यागी ऑटो चलाता था। 13 सितंबर की शाम करीब सात बजे वह ऑटो से गाजियाबाद जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने 14 सितंबर की शाम करीब छह बजे उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे किसी ने पुलिस को सूचना दी कि दुहाई-सैंथली बाबा रोड के पास किनारे में करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में ऑटो के साथ युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान के लिए परिजनों को बुलाया। परिजनों ने शव की पहचान सोनू त्यागी के रूप में की।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस के अनुसार सोनू का ऑटो अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया, इसके कारण उसकी मौत हुई है। एसीपी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।