Hapur: कैंटर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, आक्रोषित ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिस के आश्वासन पर खोला जाम
मामले में चालक की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोषित ग्रामीणों ने पांच घंटे तक थाने में हंगामा किया और इसके बाद शव को धौलाना चौक पर रखकर जाम लगा दिया। जिससे वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं।
विस्तार
यूपी के हापुड़ जिले के धौलाना के गांव देहरा में कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें गांव करनपुर जट्ट स्थित नटों की मढैया निवासी श्यामू नायक (28) की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। श्यामू सुबह एक फैक्टरी में ड्यूटी करने के लिए निकले थे। घटना में आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पहले ग्रामीणों ने थाने में प्रदर्शन किया। इसके बाद लोगों ने धौलाना मुख्य चौराहे पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे के हंगामे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला।
मृतक के भाई पप्पन नायक ने बताया उनके भाई श्यामू गाजियाबाद स्थित विजय नगर में कूकर बनाने वाली फैक्टरी में नौकरी करते थे। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे जब वह देहरा गांव में रिलायंस आफिस के पास पहुंचा तो कैंटर चालक की लापरवाही के चलते बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें श्यामू गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाइक पर सवार उनका साथी सुखबीर भी घायल हो गया।
कैंटर चालक घटना को अंजाम देकर मौके से वाहन को लेकर फरार हो गया। सूचना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पहले शेखपुर खिचरा में एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर श्यामू को पिलखुवा रेफर किया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। श्यामू नायक पांच भाइयों में दूसरे नंबर के थे। पत्नी रविता और बेटी अन्नू और बेटे का रो रोकर बुरा हाल था। मामले में चालक की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोषित ग्रामीणों ने पांच घंटे तक थाने में हंगामा किया और इसके बाद शव को धौलाना चौक पर रखकर जाम लगा दिया। जिससे वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर एसडीएम लवी त्रिपाठी और सीओ अनीता चौहान मौके पर पहुंची और गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। सीओ ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।