Ghaziabad: जीप ने स्कूली बच्चों से भरी ई-रिक्शा में मारी टक्कर, पांच छात्राएं घायल; चालक बेहोश
पुलिस ने सभी को नजदीकी अस्पातल में भर्ती कराया है। सूचना मिलने के बाद लड़कियों के अभिभावक अस्पताल पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद स्थित साहिबाबाद के राजेंद्र नगर लोहिया पार्क के सामने विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार जीप ने स्कूली बच्चों से भरी ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा दो फुट उछलकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में बैठी पांच छात्राएं और ई-रिक्शा चालक गंभीर घायल होने से बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जीप को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। जीप पर एस्कॉर्ट लिखा है।
गणेशपुरी शालीमार गार्डन में गगन कुमार परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बेटी मनीषा राजेंद्र नगर सेक्टर-3 स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में कक्षा-9 में पढ़ती हैं। उन्होंने बताया कि वो अपनी बेटी को स्कूल से लाने के लिए एक ई-रिक्शा को लगा रखा था। इस ई-रिक्शा में उनके बेटी के साथ स्वाति उर्फ श्रुति तिवारी (15) निवासी जनकपुरी शालीमार गार्डन, प्राची (16) निवासी शालीमार गार्डन, सिमरन (15) निवासी राजीव कॉलोनी और चेतना (14) निवासी शालीमार गार्डन और दो अन्य स्कूल के बच्चे भी बैठकर आते हैं। ई-रिक्शा सनथ प्रधान निवासी जनकपुरी साहिबाबाद चला रहे थे। सनथ प्रधान दोपहर करीब सवा दो बजे स्कूल से पांचों बच्चों को बैठाकर घर छोड़ने के लिए निकले थे। स्कूल से कुछ दूरी पर पहुंचते ही सामने से आ रहे जीप चालक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर ई-रिक्शा पलट गया। ई-रिक्शा पलटते ही सभी स्कूल के बच्चे और ई-रिक्शा चालक जमीन पर गिर गए। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर आ गए।
लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दी। बच्चों के परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे। पुलिस क्रेन की मदद से जीप को था ने ले गई। वहीं लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना में मनीषा के पिता गगन ने जीप चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसीपी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर जीप चालक के खिलाफ लापरवाही से जीप चलाने और टक्कर मारने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
किसी के हाथ, तो किसी के सिर में लगी चोट
अस्पताल के डॉक्टर डीपी मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में चार बच्चों का इलाज हुआ है। मनीषा नौंवी कक्षा की छात्रा है। मनीषा के दाहिने हाथ में चोट और फ्रेक्चर है। श्रुति 10वीं की छात्रा है। श्रुति के सिर और गर्दन में गुम चोट लगी है। प्राची 11वीं कक्षा की छात्रा है। प्राची के सिर में चोट लगी है। प्राची का सिटी स्केन और अल्ट्रासाउंड कराया है। सिमरन 12वीं कक्षा की छात्रा है। सिमरन के मुंह से खून निकल रहा था, उसके चेहरे और शरीर के अन्य अंगों में चोट लगी है। चेतना के भी गुम चोट लगी है। सनथ प्रधान के सिर, पैर, हाथ और कमर में चोट लगी है।
रोज ई-रिक्शा से सात बच्चे आते थे
सनथ प्रधान प्रत्येक अभिभावकों से 500 से 600 रुपये लेता है। ई-रिक्शा चालक सुबह बच्चों को स्कूल में छोड़ता था और छुट्टी होने पर स्कूल से लाता था। मनीषा ने बताया कि ई-रिक्शा में रोजाना सात बच्चे बैठकर आते थे। सोमवार को दो बच्चे स्कूल में नहीं आए थे। इस लिए पांच बच्चे ही ई-रिक्शा में बैठे हुए थे।
जीप पर एस्कॉर्ट लिखा है और लगा है हूटर
एसीपी ने बताया कि जीप दिल्ली के गोकुलपुरी में रहने वाले जाहिद के नाम है। जाहिद की जीप को ड्राइवर चलाता था। पूर्व में यह जीप पशुपतिनाथ अखाड़ा के मंडलेश्वर की स्कॉर्ट में चलती थी। चुनाव के कारण मंडलेश्वर की सरकारी गनर हट गए थे। इसके बाद चालक दिल्ली में चलाने लगा था। सोमवार को चालक जीप लेकर सर्विस कराने के लिए शालीमार गार्डन की तरफ आ रहा था। जीप में प्रतिबंधित हूटर भी लगा रखा है। जीप के सामने एस्कॉर्ट भी लिखा हुआ था। एसीपी ने बताया कि जीप की स्पीड सामान्य होगी। जीप के मालिक को कागजात लेकर बुलाया गया है। कागजात कितने है, इसकी जांच के बाद चालान और सीज की कार्रवाई होगी।