गैंगस्टर की गोलियों से भूनकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके के भोवापुर गांव के जंगल में बुधवार देर रात गैंगस्टर ज्ञानेंद्र की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
पुलिस ने गैंगवार में ज्ञानेंद्र की हत्या करने की आशंका जाहिर की है। मौके से पुलिस ने दो खोखे भी बरामद किए हैं। मृतक के पिता ने महिला समेत दो लोगों के विरुद्ध हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है।
एसओ आरपी शर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब दो बजे भोवापुर गांव के जंगल में ज्ञानेंद्र (24) पुत्र ब्रहम सिंह निवासी दुजाना बादलपुर (गौतमबुद्धनगर) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई।
सिर, पीठ और सीने में छह लगीं गोलियां
ज्ञानेंद्र के सिर में तीन, पीठ में दो और एक गोली सीने में लगी है। एसओ के मुताबिक ज्ञानेंद्र पर नोएडा, गाजियाबाद व मेरठ समेत कई थानों में लूट, डकैती, हत्या और गैंगस्टर के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गैंगवार में ज्ञानेंद्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ब्रहमपाल ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे बाइक से ज्ञानेंद्र गाजियाबाद गया था।
पिता ने गांव निवासी व्यक्ति और एक महिला पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस गैंगवार और महिला समेत कई बिंदुओं पर हत्याकांड की जांच कर रही है। मृतक किस गैंग का सदस्य है इसकी भी जांच की जा रही है।
आसपास के गांवों में फैली सनसनी
भोवापुर गांव के चौकीदार ने पुलिस को अशोक के खेत के किनारे लहूलुहान हालत में युवक का शव पड़ा होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मृतक की जेब से निकले वोटर आई कार्ड के आधार पर शव की शिनाख्त ज्ञानेंद्र के रूप में की।
पुलिस के मुताबिक मृतक ज्ञानेंद्र डेढ़ महीने पहले जेल से छूटकर आया था। ज्ञानेंद्र के पिता पूर्व फौजी हैं।
बुधवार देर रात भोवापुर गांव के जंगल में हत्या की खबर से आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों को हुजूम जमा हो गया। क्षेत्र में गैंगवार की आशंका से लोग सहमे हैं।
सपा नेता मर्डर केस में एक और की हत्या
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के नौरंगपुर गांव के पास बृहस्पतिवार देर रात एक बुलेरो पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। जबकि बुलेरो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रेनो के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष इस घटना को रंजिश तथा सपा नेता चमन भाटी हत्याकांड से जोड़ रहा है। पुलिस ने बताया कि कुछ साल पहले डाबरा निवासी सपा नेता चमन भाटी और उसके साले चचूला निवासी पंकज नागर की हत्या हुई थी। हत्या में डाबरा निवासी शक्ति सिंह और उसके परिवार के कई लोग नामजद थे, जिनमें से कई लोग अभी भी जेल में है।
शक्ति सिंह बृहस्पतिवार को अपने चालक और रिश्तेदार फरीदाबाद के तिगांव निवासी केके अधाना और भांजे बागपत निवासी अमित धामा के साथ एक मुकदमे की सुनवाई को अदालत गए थे।
चारों तरफ से घेरकर मारा
देर रात वह अपनी बुलेरो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। नौरंगपुर गांव से कुछ दूर पर ही एक अन्य बुलेरो और स्विफ्ट कार सवारों ने शक्ति की गाड़ी पर हमला बोल दिया। इसमें काफी राउंड फायरिंग हुई। फायरिंग में कई गोली चालक को लगीं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि शक्ति और अमित घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि रात में तहरीर नहीं दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित के परिजन और रिश्तेदार इकट्ठा हो गए।
एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष आपसी रंजिश का मामला बता रहे हैं और गांव के ही सपा नेता चमन भाटी के रिश्तेदारों पर हमले का आरोप लगा रहे हैं। पीड़ितों की तहरीर अभी नहीं मिली है। जब तहरीर आ जाएगी उसी के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।