Ghaziabad: एयर टिकट देने के नाम पर चार छात्रों से ठगे 6.50 लाख, ठग ने जस्ट डायल पर डाल रखे थे नंबर
छात्रों ने पढ़ाई के लिए विदेश जाने के लिए टिकट बुक कराने के लिए जस्ट डायल से नंबर लेकर संपर्क किया। शातिर ने विश्वास में लेकर छात्रों को फर्जी टिकट थमा दिया।
विस्तार
विदेश जाने के लिए एयर टिकट देने के नाम पर शातिर ने चार छात्रों से 6.50 लाख रुपये ठग लिए। छात्रों ने पढ़ाई के लिए विदेश जाने को टिकट बुक कराने के लिए जस्ट डायल से नंबर लेकर संपर्क किया। शातिर ने विश्वास में लेकर छात्रों को फर्जी टिकट थमा दिया।
दिल्ली मयूर विहार निवासी राहुल केन का कहना है कि वह 25 जून को नासिरपुर में अपने रिश्तेदार के यहां आए हुए थे। वहां उनके भतीजे अर्जुन ने फोन पर विदेश में पढ़ाई के लिए सलाह लेने लगा। दोनों के बीच वीजा व एयर टिकट के बारे में बात हुई तो उन्होंने जस्ट डायल से नंबर निकालकर भतीजे को दे दिया।
भतीजे ने उस नंबर पर बात की तो कॉल उठाने वाले ने अपना नाम सागर वशिष्ठ बताया। उसकी बातों से संतुष्ट होकर अर्जुन ने उसकी बात अपने दोस्त अमान सिद्धीकी, वंश सोनी, अंशुल चावला व अर्जुन मिड्डा से भी कराई। सभी के परिजनों ने उसकी बातों से संतुष्ट होकर एयर टिकट की बुकिंग के लिए उसके खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए।
उन्होंने बताया कि अर्जुन का वीजा मेडिकल कारणों से खारिज हो गया। आरोप है कि सागर वशिष्ठ ने इंटरनेट मीडिया के जरिये फर्जी टिकट बनाकर चारों को भेज दिए। सागर ने जिस दिन टिकट दिए उसी दिन सुबह सभी को फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी दी। सागर ने उनसे कहा कि वह उसी दिन के टिकट दूसरी फ्लाइट के करा रहा है। आरोप है कि इसके बाद न तो उसने टिकट दिया और न ही रकम वापस की। रुपये वापस मांगने पर वह धमकी देने लगा। सिहानी गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।