Delhi: राजधानी में अलग- अलग हुए सड़क हादसों में पांच की मौत, कहीं सोते युुवक पर चढ़ा ट्रक तो कहीं मारी टक्कर
राजधानी में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो जबकि पांच ही लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो जबकि पांच ही लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार रात कैंटर ट्रक ने पंक्चर होकर खड़े ईट से भरे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसों में दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि कैंटर चालक समेत चार लोग जख्मी हो गए।
विवेक विहार में बुधवार देर रात को निर्माणाधीन फ्लाईओवर के लिए लोहे के बड़े-बड़े एंगल वेल्ड कर रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में वेल्डर की गर्दन धड़ से अलग हो गई जबकि एक अन्य मजदूर जख्मी हो गया। दयालपुर में कैंटर ने डीटीसी की तीन बसों को टक्कर मार दी। हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई।
चौथा हादसा बुधवार देर रात को कश्मीरी गेट के निगमबोध घाट के पास हुआ। यहां बेलगाम अज्ञात वाहन ने फुटपाथ पर सो रहे युवक पर अपनी गाड़ी चढ़ा दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।
लोनी- गाजियाबाद के नुसरताबाद-खरखरी गांव के भट्टे से ईंट लेकर ट्रक चालक नौरंग निकला। उसके साथ ट्रक पर दोजे, सुनील, रवि करण और सतीश मौजूद थे। ट्रक को दिल्ली के करोलबाग आना था। श्यामलाल कॉलेज की ओर से सीलमपुर की ओर जाते समय वेलकम मेट्रो स्टेशन के नजदीक ट्रक का अगला पहिया पंक्चर हो गया। गांव नुसरताबाद निवासी सतीश (32) और कौशांबी, गाजियाबाद निवासी रवि करण (33) ट्रक के पीछे जाकर उसकी स्टेपनी निकालने लगे। चालक नौरंग समेत बाकी ट्रक का पंक्चर हुआ पहिया निकालने लगे। इस बीच पीछे तेज गति से आए कैंटर ने ईंटों के ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रवि व सतीश कैंटर और ट्रक के बीच फंसकर जख्मी हो गए। बाकी ट्रक चालक नौरंग, मजदूर दोजे, सुनील के अलावा कैंटर चालक महेश बुरी तरह जख्मी हो गए। महेश को कैंटर के अंदर फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। बाद में कैंटर में फंसे महेश को दमकल कर्मियों ने ट्रक की बॉडी काटकर निकाला। अस्पताल में सतीश और रवि को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायलों का इलाज जारी है। घायलों में महेश और सुनील की हालत गंभीर बनी हुई है। सतीश के परिवार में माता-पिता, एक भाई नरेश, पत्नी व तीन बच्चे हैं। वेलकम थाना पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाहदरा जिला के विवेक विहार में सूर्य नगर की लाल बत्ती के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर मजदूर देर रात को काम कर रहे थे। एक मजदूर अर्जुन कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सभी ठेकेदार सुनील के पास काम कर रहे हैं। देर रात करीब 1.30 बजे फ्लाईओवर के शुरुआती हिस्से पर गांव गोगवान, शामली, यूपी निवासी वेल्डर कपिल कुमार (30) काम कर रहा था।
कपिल दो बड़े एंगल के बीच बैठकर दोनों को वेल्ड कर रहा था। अचानक एक बड़ा ट्रक जिसकी ऊंचाई काफी ज्यादा था, वह तेज गति से आनंद विहार की ओर से आया। मजदूरों ने उसे धीरे कर साइड से जाने का इशारा किया। लेकिन आरोपी ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और मजदूरों की ओर आ गया।
ऊंचाई अधिक होने की वजह से ट्रक ने एंगल पर बैठे कपिल को जोरदार टक्कर मार दी। कपिल की गर्दन दोनों एंगल में फंस गई जबकि उसका धड़ सिर से अलग होकर गिर गया। गर्दन भी दोनों बड़े एंगल में फंस गई। हादसे के बाद चालक ने भागने की कोशिश की। भीड़ ने आरोपी अलवर, राजस्थान निवासी चालक शाकिर को पकड़कर पीट दिया। पुलिस ने दमकल कर्मियों की मदद से कपिल का अलग हुआ सिर दोनों एंगल के बीच से निकाला। बाद में उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सब्जी मंडी मोर्चरी भेज दिया। पुलिस मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली दयालपुर इलाके में बेलगाम हुए कैंटर ने एक के बाद एक तीन बसों को टक्कर मार दी। हादसे में गनीमत यह रही कि बस में मौजूद सवारी तो बाल-बाल बच गई, लेकिन कैंटर चालक बुरी तरह जख्मी हो गया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस स्टाफ ने चालक को कैंटर से निकाला।
बाद में उसे नजदीकी जग प्रवेश चंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त गाजीपुर गांव, दिल्ली निवासी श्रवण (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित निगमबोध घाट के नजदीक फुटपाथ पर सो रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं हादसे का शिकार हुआ युवक बेघर है। पुलिस बाकी लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।