फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Firing outside a property dealer office in alipur Delhi

Firing in Delhi: दिल्ली में रंगदारी का दौर फिर शुरू, नांगलोई और अलीपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग

Mon, 04 Nov 2024 10:53 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Vikas Kumar Updated Mon, 04 Nov 2024 10:53 PM IST
सार

पीड़ित व्यवसायी ने शिकायत में कहा कि वह अपनी दुकान में थे, तभी तीन युवक मुंह ढककर दुकान में आए और एक पर्ची रखने के बाद हवा में 10 गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। वारदात के बाद बदमाश स्कूटी से भाग गए।

विज्ञापन
Firing outside a property dealer office in alipur Delhi
दिल्ली पुलिस (फाइल फोटो) - फोटो : ANI

विस्तार

दिल्ली में कुछ दिनों की शांति के बाद फिर रंगदारी का दौर शुरू हो गया है। बाहरी दिल्ली के नांगलोई में तीन बदमाशों ने फर्नीचर की दुकान पर और बाहरी-उत्तरी दिल्ली के अलीपुर में प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दिल्ली पुलिस को फिर खुली चुनौती दे डाली।

विज्ञापन

हालांकि इन दोनों वारदात में कोई हताहत नहीं हुआ। नांगलोई की वारदात में गोलीबारी करने वाले शूटरों ने एक पर्चा छोड़ी। पर्ची में गैंगस्टर अंकेश लाकड़ा का नाम लिखा है और 10 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। दिल्ली पुलिस ने शूटरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया था, मगर सोमवार देर शाम तक बदमाशों का सुराग हाथ नहीं लगा था। स्थानीय पुलिस के अलावा दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ व अपराध शाखा की टीमें शूटरों की तलाश में लगी हुई थीं। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने वारदात होने की पुष्टि की है।

विज्ञापन
विज्ञापन

नांगलोई : 10 करोड़ की रंगदारी मांगी, पर्ची में अंकेश लाकड़ा का नाम
बाहरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को नांगलोई में स्थित लक्ष्य प्लाईवुड के कार्यालय पर बदमाशों के गोलीबारी करने की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व विशेष प्रकोष्ठ की टीमें मौके पर पहुंचीं। कार्यालय के भीतर करीब दस राउंड गोलियां चलाई गई थीं। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया था। पीड़ित व्यवसायी ने शिकायत में कहा कि वह अपनी दुकान में थे, तभी तीन युवक मुंह ढककर दुकान में आए और एक पर्ची रखने के बाद हवा में 10 गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। वारदात के बाद बदमाश स्कूटी से भाग गए। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बदमाशों ने जो पर्ची फेंकी है उस पर गोगी गैंग के बदमाश अंकेश लाकड़ा का नाम लिखा हुआ है। वह मुंडका का रहने वाला है। फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पीड़ित से दस करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। हालांकि पुलिस अधिकारिक रूप से रंगदारी मांगने की बात से इन्कार कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

विज्ञापन

अलीपुर : रंगदारी के लिए गोलीबारी किए जाने की आशंका
दिल्ली पुलिस नांगलोई में प्लाईवुड कारोबारी की दुकान पर गोलीबारी के मामले की जांच ही कर रही थी कि बदमाशों ने अलीपुर के बुढपुर में गोयल प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर गोलीबारी होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने बताया कि उनका कार्यालय पीछे की तरफ है। करीब पौने तीन बजे वह पीछे कार्यालय में दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनके कार्यालय के बाहरी कमरे में तीन से चार गोलियां चलने की आवाज आई। गोली चलते ही वह बाहर निकले, लेकिन तब तक तीन युवक स्कूटी से जाते दिखे। बाद में पता चला कि बदमाशों ने हवा में गोलीबारी की थी। उन्होंने आशंका जताई कि गोलीबारी के दौरान वह कार्यालय में मौजूद होते तो उनकी हत्या भी कर सकते थे। पुलिस की क्राइम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कुछ साक्ष्य हासिल किए हैं। पुलिस ने रंगदारी मांगने को लेकर गोलीबारी किए जाने की आशंका जताई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों जगहों पर एक ही गैंग के बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि बदमाशों ने पीड़ित के पास न तो पर्ची फेंकी है और न ही उनके पास कोई फोन आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों का कहना है कि रंगदारी के लिए ही फायरिंग की गई है।

गोगी गिरोह को चला रहा टुंडा
रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र गोगी के मारे जाने के बाद गोगी गिरोह की कमान दीपक बॉक्सर ने संभाल ली थी। इस समय गोगी गिरोह को योगेश टुंडा चला रहा है। योगेश टुंडा तिहाड़ जेल में बंद है। योगेश टुंडा ने जेल में बंद अपने साथियों के साथ तिहाड़ में टिल्लू ताजपुरिया की पीटकर हत्या कर दी थी। नांगलोई वाली वारदात में रंगदारी के लिए फेंकी गई पर्ची पर गैंगस्टर अंकेश लाकड़ा का नाम लिखा हुआ है। अंकेश गोगी गिरोह का गैंगस्टर ही है।

लॉरेंस से जुड़ा है जितेंद्र गोगी गिरोह
जितेंद्र गोगी गिरोह लॉरेंस से जुड़ा हुआ है। गैंगस्टर दो गुटों में बंट गए हैं। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह में इस समय जितेंद्र गोगी, काला जठेड़ी, सुबे गुजर व आनंदपाल गिरोह शामिल हैं। जितेंद्र गोगी गिरोह बाहरी दिल्ली में सक्रिय है। पिछले महीने दिल्ली में महिपालपुर, नारायणा व नांगलोई समेत चार जगहों पर रंगदारी के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इनमें से कुछ जगहों पर लॉरेंस बिश्नोई और दो जगहों पर हिमांशु भाऊ ने रंगदारी मांगी थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed