जब आग बुझाते समय फटने लगे एलपीजी सिलेंडर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़गांव के नाथूपुर गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर आग लगने से सौ से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। फायर विभाग की 12 गाड़ियों और करीब 50 लोगों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फायर विभाग सेक्टर-29 को करीब पौने दो बजे नाथूपुर की झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली। आग भीषण होने की सूचना पर दमकल विभाग की ओर से सेक्टर 29, उद्योग विहार, भीमनगर फायर स्टेशनों के कर्मचारियों व गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
15 से 20 मिनट में दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई शुरू की। शाम पांच बजे तक दमकल विभाग ने उस पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
आग बुझाते समय फटने लगे सिलेंडर
बताया जा रहा है कि यहां पर छोटी-बड़ी सौ से अधिक झुग्गियां थीं, जो आग में जलकर खाक हो गईं। आग फैलने का सबसे बड़ा कारण यहां पर अलग-अलग झुग्गियों में रखे गए छोटे-छोटे गैस सिलेंडर थे।
आग लगते ही सिलेंडर फटने लगे। इसके बाद आग भड़कती रही। दमकलकर्मी भी आग बुझाने के दौरान सिलेंडर फटने से परेशान दिखे। उधर, इन झुग्गियों में रहने वाले बहुत से लोगों को नहीं है पता कि उनका आशियाना जल गया है।
जिन झुग्गियों में आग लगी, उसमें रहने वाले दर्जनों ऐसे लोग हैं जो आसपास की कंपनियों में काम करते हैं। वे दिन में ड्यूटी पर चले जाते हैं तो देर रात लौटते हैं।
जल गई सारी कमाई
ड्यूटी पूरी करके जब वे अपने आशियानों पर पहुंचेंगे तभी उन्हें पता लग पाएगा कि उनका आशियाना ही नहीं उसमें रखी उनकी गाढ़ी कमाई भी जल गई।
दूसरी ओर, झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर नगर निगम के कमिश्नर प्रवीण कुमार पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को कंबल व कपड़ों समेत राहत सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने झुग्गियों में रहने वालों की हरसंभव मदद करने का आश्वासन भी दिया है।
फायर अधिकारी महेंद्र भारद्वाज ने कहा कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है, मौके पर कर्मचारियों की ओर से सर्च किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं लग पाया है।
कंपनी में आग लगी, तीन कर्मचारी झुलसे
गुड़गांव के बिलासपुर क्षेत्र के बिनोला में एक मैट बनाने वाली कंपनी में बृहस्पतिवार की दोपहर को आग लग गई। इससे वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी झुलस गए। फायर विभाग व स्थानीय लोगों की मदद से उनको निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
बिनोला में विक्कीपोल कोड कंपनी मैट बनाने का काम करती है। दोपहर करीब दो बजे कंपनी के भीतर दर्जनों कर्मचारी काम कर रहे थे। इस दौरान बॉयलर के पास कंपनी में आग लग गई। इस दौरान कर्मचारी महेश, हरबीर व मनोज आग के बीच फंस गए।
इसकी सूचना मिलते ही बिलासपुर के विक्रम सेजवाल, रोहताश, सतबीर, तेजपाल, मनोज, फूलचंद, सुंदर कंपनी के अंदर पहुंचकर अपने स्तर पर काबू पाने के प्रयास के साथ ही आग में फंसे कर्मचारियों को बाहर निकालने का काम किया। विक्रम ने बताया कि तीनों कर्मचारियों को आस्था अस्पताल में भर्ती कराया गया है।