सिपाहियों ने जान पर खेलकर गिरफ्तार किया कुख्यात बदमाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस के दो जांबाज सिपाहियों ने अपनी जान पर खेलकर मुठभेड़ के बाद कुख्यात सत्ते गैंग के एक बदमाश को दबोचा है। आरोपी की पहचान दीपक उर्फ झांजी (28) के रूप में हुई है।
दीपक का एक साथी मौके से एक राहगीर की स्कूटी लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्पोर्ट्स बाइक, पिस्टल व 11 कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस की मानें तो आरोपी दीपक यमुनापार में लूटपाट, झपटमारी समेत 40 से अधिक वारदात में शामिल रहा है। पुलिस दीपक से पूछताछ कर उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।
भागते हुए करने लगे फायरिंग
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त बीएस गुर्जर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को कृष्णा नगर थाने में तैनात सिपाही तेज बहादुर और गिरीश कुमार लाल क्वार्टर मार्केट में ड्यूटी पर थे।
इस बीच उन्हें सूचना मिली थी कि यामाहा की स्पोर्ट्स बाइक पर कुछ बदमाश इलाके में वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। तीन बजे दोनों ने दो लड़कों को छाछी बिल्डिंग की ओर से बाइक पर आते हुए देखा।
तेज बहादुर और गिरीश ने दोनों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन दोनों भागने लगे। पकड़ने के चक्कर दोनों की बाइक गिर गई। इस बीच भागते हुए एक लड़के ने दोनों पुलिस कर्मियों पर फायर कर दिया।
सत्ते गैंग में काम करता है बदमाश
बिना डरे दोनों ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दूसरा बदमाश पिस्टल दिखाकर एक राहगीर की स्कूटी लूटकर फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश के पास से पिस्टल बरामद हुई है।
पूछताछ के दौरान बदमाश ने बताया कि वह सत्ते गैंग में काम करता है। पिछले दिनों इन लोगों ने सोनू चिकना नामक बदमाश की नंद नगरी इलाके में हत्या कर दी थी।
स्पेशल सेल ने उसी आरोप में सत्ते को दबोच लिया था। लेकिन दीपक व अमित नामक बदमाश फरार थे। दीपक ने खुलासा किया है कि वारदात के समय फरार हुआ बदमाश अमित ही है।