{"_id":"6a624c46442a460a6001cca3","slug":"the-corporation-collected-rs-152-crore-in-property-tax-arrears-faridabad-news-c-26-1-fbd1021-75623-2026-07-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Faridabad News: निगम ने वसूला 1.52 करोड़ रुपये का बकाया संपत्ति कर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Faridabad News: निगम ने वसूला 1.52 करोड़ रुपये का बकाया संपत्ति कर
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत संचार निगम लिमिटेड और एनएचपीसी ने जमा कराया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम के बकाया संपत्ति कर वसूली अभियान के तहत निगम के खाते में 1 करोड़ 52 लाख 98 हजार रुपये से अधिक की राशि जमा हुई है। इस अभियान के दौरान भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने करीब एक करोड़ रुपये और एनएचपीसी ने लगभग 52.98 लाख रुपये का बकाया संपत्ति कर जमा कराया। निगम अधिकारियों का कहना है कि आगे भी बड़े बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान जारी रहेगा।
यह अभियान नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश और ओल्ड जोन के संयुक्त आयुक्त राजेश कुमार के मार्गदर्शन में चलाया गया। क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी (ओल्ड जोन) सृष्टि बब्बर और उनकी टीम ने बकायेदार संस्थानों से संपर्क कर लंबित कर राशि की वसूली सुनिश्चित की। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि हरियाणा सरकार ने संपत्ति करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2010-11 से 2024-25 तक के लंबित संपत्ति कर पर देय ब्याज में 75 प्रतिशत की एकमुश्त छूट देने का निर्णय लिया है। यह योजना उन करदाताओं के लिए है, जो 31 अगस्त 2026 तक अपना बकाया संपत्ति कर जमा कर देंगे।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए करदाताओं को प्रॉपर्टी टैक्स ड्यूज पेमेंट एंड नो ड्यूज सर्टिफिकेट मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर अपनी संपत्ति का स्व-प्रमाणीकरण (सेल्फ सर्टिफिकेशन) भी कराना होगा। अधिसूचना के अनुसार सामान्य स्थिति में विलंब से संपत्ति कर जमा करने पर 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से ब्याज देय होता है। वहीं इस विशेष योजना के तहत पात्र करदाता ब्याज में 75 प्रतिशत तक की छूट प्राप्त कर सकते हैं।
विज्ञापन
निगम आयुक्त ने शहर के सभी संपत्ति करदाताओं से अपील की कि वे सरकार द्वारा दी गई इस राहत योजना का लाभ उठाते हुए 31 अगस्त से पहले अपना बकाया संपत्ति कर जमा करें। इससे ब्याज में बड़ी छूट मिलने के साथ भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से भी बचा जा सकेगा।