फरीदाबाद। थाना डबुआ इलाके में प्रॉपर्टी डीलर दिनेश धवन की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी अनु को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। इस हत्या में आरोपी पत्नी के प्रेमी समेत पांच अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस ने प्रेमी समेत तीन लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। आरोपी महिला ने अपने मुंह बोले चाचा हरजीत, अपने प्रेमी नितिन उसके दोस्त विष्णु, दीपक और विनीत के साथ मिलकर 11 जनवरी की रात को इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। इन सबने मिलकर दिनेश धवन की सैनिक कॉलोनी में गला दबाकर हत्या कर दी थी। दिनेश की मौत को सुनिश्चित करने के लिए उसके सिर पर डंडा भी मारा था। इसके बाद शव को डबुआ एरिया में बह रहे गंदे नाले में डाल दिया था।
28 जनवरी को थाना डबुआ पुलिस को सूचना मिली कि नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए बीके अस्पताल में रखवा दिया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सैनिक कॉलोनी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर दिनेश कई दिनों से लापता हैं। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर यासीन खान दिनेश के घर गए और उन्होंने दिनेश की पत्नी अनु को फोटो दिखाया। यहीं पर अनु का मुंह बोला चाचा हरजीत सिंह भी बैठा हुआ था। दोनों ने दिनेश के शव को पहचानने से मना कर दिया। पुलिस ने जब शव के बारे में दिनेश के दोस्तों से पूछताछ की तो उन्होंने दिनेश को पहचान लिया। पुलिस को तभी से अनु पर शक हो गया। पुलिस ने अनु को थाने बुलाया और सख्ती से पूछताछ की जिस पर अनु ने अपना जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि उसी ने अपने प्रेमी नितिन के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया था। जांच अधिकारी ने बताया कि दिनेश और अनु ने साल 2010 में लव मैरिज की थी।