बच गई एक और मासूम: चॉकलेट देकर बच्ची का करना चाहती थी अपहरण, खुद को बचाया; फ्लैट के बाहर घंटों बैठी बच्चा चोर
दिल्ली से सटे फरीदाबाद इलाके में बच्ची के अपहरण की साजिश नाकाम हो गई। इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों ने बिल्डर के ऑफिस जाकर जमकर प्रदर्शन किया।
विस्तार
सेक्टर 56 स्थित श्री होम सोसायटी में रहने वाली 8 साल की बच्ची का नकाबपोश महिला ने अपहरण करने की कोशिश की। बच्ची अपने फ्लैट के बाहर कॉरिडोर में खेल रही थी। बच्ची ने परिजनों को बताया कि महिला उसको अपने साथ चॉकलेट देकर ले जाना चाहती थी। सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए शनिवार की सुबह सोसायटी में रहने वाले करीब 300 लोगों ने बिल्डर कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही बच्ची के परिजनों ने थाना सूरजकुंड में शिकायत दी।
सेक्टर-45 श्री होम सोसायटी में करीब 600 परिवार रहते है। इस सोसायटी में आरडब्ल्यूए नहीं होने की वजह से अभी रखरखाव बिल्डर की ओर से किया जा रहा है। सोसायटी की आठवीं मंजिल पर रहने वाले आशीष मिश्रा ने बताया कि वह गुरुग्राम में जॉब करते हैं। उनकी पत्नी भी जॉब करती है। वहीं उनकी बच्ची काव्य मिश्रा तीसरी कक्षा में पढ़ती है। शुक्रवार साढ़े छह बजे वह फ्लैट के बाहर बने कॉरिडोर में खेल रही थी।
तभी लिफ्ट से एक महिला नकाब लगाकर उतरी। उस महिला ने उनकी बच्ची काव्या को चॉकलेट का लालच देते हुए नीचे चलने के लिए कहा। जिस पर बच्ची डर गई और वह भाग कर घर के अंदर चली गई। उसके बाद बच्ची ने डबल लॉक लगा लिया। इस घटना की सूचना बच्ची ने उनको दी। बच्ची ने यह भी बताया कि महिला ने फ्लैट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। गेट नहीं खुलने पर महिला सीढ़ी पर बैठकर उनकी बेटी के बाहर निकलने का इंतजार करती रही।
सोसाइटी को दी जानकारी
उन्होंने इस घटना की सूचना सोसाइटी में रहने वाले लोगों को दी। जिसके बाद लोग एकत्र होकर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी के पास गए। लोगों ने जब सुरक्षाकर्मी से अनजान महिला के भीतर प्रवेश करने के बारे में पूछा। लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे पाया।
नहीं चलते सीसीटीवी कैमरे
सोसाइटी में रहने वाले लोगों का आरोप है कि सुरक्षा के तौर पर बिल्डर की ओर से सीसीटीवी कैमरों को लगाया हुआ है लेकिन चलते है या नहीं इसके बारे में उनको कोई जानकारी नहीं है। रात को हुई घटना की सीसीटीवी फुटेज मांगी तो वह दे नहीं पाए।
लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
सोसायटी में रहने वाले लोगों ने शनिवार की सुबह बिल्डर कार्यालय पर जाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 300 से अधिक लोग मौजूद थे लेकिन सुरक्षाकर्मी ने गेट नहीं खोला। जिसके बाद इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने आरोपी अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया।