Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   Outrage erupts over the deaths of 5 sanitation workers in 40 days; protest held at the municipal corporation headquarters.

Faridabad News: 40 दिन में 5 सफाई कर्मचारियों की मौत पर फूटा गुस्सा, निगम मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन

Fri, 12 Jun 2026 11:02 PM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Fri, 12 Jun 2026 11:02 PM IST
विज्ञापन
Outrage erupts over the deaths of 5 sanitation workers in 40 days; protest held at the municipal corporation headquarters.
कर्मचारियों ने कहा, प्रशिक्षण तो दिया जाता है, लेकिन जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जातेअमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फरीदाबाद। नगर निगम क्षेत्र में पिछले 40 दिनों के भीतर सीवर और सीवरेज परियोजनाओं में काम करते हुए पांच सफाई कर्मचारियों की मौत के बाद शुक्रवार को कर्मचारियों का गुस्सा खुलकर सड़क पर दिखाई दिया। नगर निगम कर्मचारियों ने पूरे दिन कामकाज ठप रखकर मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि उन्हें प्रशिक्षण तो दिया जाता है, लेकिन मौके पर जान बचाने वाले जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मृतक परिवारों को न्याय और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 26 जून से पूरे हरियाणा में हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

सुबह से नगर निगम मुख्यालय पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना था कि लगातार हो रही मौतों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया है। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि कर्मचारियों को गैस डिटेक्टर, ऑक्सीजन मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध कराए जाते तो कई जानें बच सकती थीं। कर्मचारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई।
विज्ञापन



आयोग के सदस्य के सामने उठाया सुरक्षा का मुद्दा

नगर निगम के कॉन्फ्रेंस हॉल में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य करम सिंह कर्मा ने अधिकारियों, कर्मचारी संगठनों और सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय और सरकार के स्पष्ट दिशा-निर्देश होने के बावजूद सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। लगातार हो रही मौतें इसकी सबसे बड़ी गवाही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन



ट्रेनिंग तो दी जाती है लेकिन सुरक्षा किट नहीं

बैठक में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विभाग समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है लेकिन वास्तविक कार्यस्थल पर ऑक्सीजन मास्क, गैस डिटेक्टर और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते। बिना पर्याप्त सुरक्षा संसाधनों के कर्मचारियों को सीवर में उतरना पड़ता है, जिससे उनकी जान जोखिम में रहती है। कर्मचारियों का कहना था कि कागजों में सुरक्षा व्यवस्था दिखाई जाती है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बिल्कुल अलग हैं।

एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि 1 मई से 11 जून के बीच पांच कर्मचारियों की मौत हो चुकी है, लेकिन किसी अधिकारी की जवाबदेही तय नहीं हुई। उन्होंने प्रत्येक मृतक परिवार को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी पक्की नौकरी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान या सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराने की मांग भी रखी।

आयोग ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य करम सिंह कर्मा ने मृतक परिवारों को न्याय दिलाने, उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

26 जून से हड़ताल की चेतावनी, 14 जून को बनेगी रणनीति

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और नगर निगम कर्मचारी इम्प्लॉइज फेडरेशन ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, नगर निगम आयुक्त, मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग सहित विभिन्न विभागों को आंदोलन का नोटिस भेज दिया है। संगठनों ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 26 जून से पूरे प्रदेश में हड़ताल शुरू की जाएगी। आंदोलन की अगली रणनीति तय करने के लिए 14 जून को रोहतक स्थित कर्मचारी भवन में राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है।


लगातार पांच मौतों ने बढ़ाई जवाबदेही की मांग

प्रदर्शन सभा को नगर निगम इम्प्लॉइज फेडरेशन के प्रधान नरेश रमेश पहलवान, शब्बीर खान, परसराम अधाना, जीतराम गोला, रामरतन कर्दम, सुरेश देवी और ललिता देवी सहित कई कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि पिछले 40 दिनों में पांच कर्मचारियों की मौत के बाद अब यह केवल मुआवजे का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि सीवर सफाई व्यवस्था की जवाबदेही तय करने का समय आ गया है। उनका कहना था कि जब तक मशीन आधारित सफाई और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन नहीं होगा, तब तक ऐसे हादसे रुकना मुश्किल है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed