फरीदाबाद। एक युवती और तीन किशोरियों की हत्या मामले की गिरफ्तार सिंहराज की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाएगी। पुलिस इसके लिए सिफारिश करेगी, जिससे आरोपी को जल्द सजा मिल सके। वही, गठित एसआईटी ने इस मामले में चार्जशीट तैयार कर ली है। साथ ही इसमें कुछ फेरबदल के लिए विशेषज्ञों से भी राय ले रही है, जिससे इसमें और कुछ जोड़ा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि तैयार चार्ज सीट को अदालत अलग-अलग दाखिल किए जा जाएंगेे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में एसआईटी ने ज्यादा से ज्यादा सबूत जुटाए हैं। उन्हें फारेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आयुक्त ने फारेंसिक लैब को भी जल्द रिपोर्ट तैयार करने के लिए पत्र लिखा है। पुलिस का कहना है कि 31 दिसंबर को भूपानी निवासी युवती ओल्ड फरीदाबाद से गुम हो गई थी। 6 जनवरी को गांव जसाना निवासी सिक्योरिटी गार्ड सिंहराज ने उसके परिजनों को उसकी हत्या करने की बात बताई थी। साथ ही यह भी बताया कि शव सेक्टर-17 में नहर किनारे पड़ा है। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और सिंहराज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सिंहराज ने साल 2019, 2020 और 2021 में तीन अन्य किशोरियों की हत्या करने की बात कबूली है। एसआईटी तीनों किशोरियों के शव बरामद नहीं कर पाई है। ऐसे में पूरा मुकदमा परिस्थितिजन्य सबूतों पर आधारित है। एसआईटी का दावा है कि आरोपित को दोषी करार दिलाने के लिए उनके पास पर्याप्त सबूत हैं।