लाश के लिए लड़ाई: अंजली के शव को ले जाने के लिए भिड़े मायके-ससुराल वाले, जमकर चली लाठी और लात-घूसे; कई घायल
पुलिस ने मृतका अंजलि के मायके वालों की शिकायत के आधार पर उसके पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ हत्या (मर्डर) समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विस्तार
फरीदाबाद के बीके (बादशाह खान) अस्पताल परिसर में मंगलवार को उस समय भारी हंगामा और तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब एक छह माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत के बाद शव को ले जाने को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। पोस्टमार्टम के बाद शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प, लात-घूसों और पथराव में तब्दील हो गया। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब चार से पांच लोग घायल हुए हैं।
शव ले जाने को लेकर मोर्चरी के बाहर हुआ पथराव
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान अंजली के रूप में हुई है, जो छह महीने की गर्भवती थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बीके अस्पताल की मोर्चरी में अंजली के शव का पोस्टमार्टम संपन्न हुआ। इसके तुरंत बाद दोनों पक्ष शव को अपने-अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ गए। शुरुआत में उनके बीच तीखी कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बेकाबू हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पथराव शुरू कर दिया। अस्पताल परिसर में अचानक हुए इस हंगामे से वहां मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई।
भारी पुलिस बल तैनात, मायके पक्ष को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही खेड़ीपुल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़खल के एसीपी अर्जुन देव भी भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए हंगामा शांत कराया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृतका का शव उसके मायके पक्ष को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पलवल जिले के देवली गांव ले गए।
पति समेत पांच ससुराल वालों पर हत्या का मामला दर्ज
दूसरी तरफ, खेड़ीपुल थाना पुलिस ने इस संदिग्ध मौत के मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका अंजलि के मायके वालों की शिकायत के आधार पर उसके पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ हत्या (मर्डर) समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।