{"_id":"68821ad0bd4a6c41360c6e17","slug":"health-faridabad-news-c-24-1-gr11004-116476-2025-07-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Faridabad News: नागरिक अस्पताल में नहीं शुरू हुई लिफ्ट, सीढ़ियां चढ़ने में मरीजों की फूल रहीं सांसें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Faridabad News: नागरिक अस्पताल में नहीं शुरू हुई लिफ्ट, सीढ़ियां चढ़ने में मरीजों की फूल रहीं सांसें
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी,
होडल। स्वास्थ्य विभाग द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए उपमंडल नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट सिस्टम तो लगा दिया गया, लेकिन उसे अब तक शुरू नहीं किया जा सका है। अस्पताल में लिफ्ट तो है, मगर उसे चलाने के लिए ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं की गई। नतीजा यह है कि तीन मंजिला इस अस्पताल में आने वाले सैकड़ों मरीजों को सीढ़ियों या रैंप के सहारे ऊपर जाना पड़ता है।
जानकारी के अनुसार, इस उपमंडल अस्पताल का निर्माण लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। अस्पताल में प्रतिदिन क्षेत्र के दर्जनों गांवों से करीब चार सौ मरीज आते हैं, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांगजन और बच्चे शामिल होते हैं। अस्पताल की ग्राउंड फ्लोर पर इमरजेंसी वार्ड, महिला जच्चा-बच्चा वार्ड, लैब, एक्स-रे कक्ष, रजिस्ट्रेशन और ओपीडी जैसी सुविधाएं हैं। दूसरी मंजिल पर वरिष्ठ चिकित्सक, दंत विशेषज्ञ और नेत्र रोग चिकित्सक बैठते हैं, जबकि तीसरी मंजिल पर ऑपरेशन थिएटर बनाया गया है। लिफ्ट शुरू न होने के कारण गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान रैंप या सीढ़ियों से ऊपर ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार इलाज में देरी होती है और जोखिम भी बढ़ जाता है। बुजुर्ग मरीजों को आंख या अन्य जांच के लिए ऊपर ले जाना भी परिजनों के लिए चुनौती बना हुआ है।
विज्ञापन
अस्पताल में लिफ्ट बंद होने के कारण गर्भवती महिलाओं को सीढ़ियों से ऊपर ले जाया जाता है। प्रसव के समय यह बहुत जोखिम भरा होता है। -सीमा
अस्पताल की नई इमारत बने पांच साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन लिफ्ट आज तक शुरू नहीं हुई। कई बार शिकायत की, कोई समाधान नहीं हुआ। -सुमन गर्ग
अपने बुजुर्ग दादा को आंख दिखाने लाया था, डॉक्टर ऊपर बैठे थे। सीढ़ियों से चढ़ाना बहुत मुश्किल रहा। कई मरीज ऐसे ही लौट जाते हैं। -जयदेव गर्ग, एडवोकेट
विज्ञापन
अस्पताल में लिफ्ट सिस्टम लगा हुआ है, लेकिन ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि विभाग को अवगत करा दिया गया है। जैसे ही ऑपरेटर की नियुक्ति होगी, लिफ्ट चालू कर दी जाएगी और मरीजों की यह समस्या दूर हो जाएगी।