विदेश से स्क्रैप मंगाने के नाम पर साढ़े तीन करोड़ की धोखाधड़ी
फरीदाबाद। डबुआ थाना पुलिस ने विदेश से स्क्रैप मंगाने के नाम पर साढ़े तीन करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। बल्लभगढ़ आर्थिक अपराध जांच शाखा की जांच के बाद यह मामला दर्ज किया है। इसमें छह लोगों पर मिलीभगत व सांठगांठ कर धोखाधड़ी आरोप लगा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में सरूरपुर स्थित एनएफ मेटल कॉरपोरेशन के सीईओ अटल सिंगला ने बताया कि वे विभिन्न देशों से स्क्रैप का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने संजय गोयल की पार्टरनशिप में पीएमए ट्रेडिंग कंपनी खोली हुई है, जिसका कार्यालय सोहना रोड पर बनाया हुआ है। कुछ लोग विदेश में अपने परिचित होने की बात कहकर लोगों को अपने चंगुल में फंसा लेते हैं। कुछ दिन तक विदेशों में बैठे लोगों से तालमेल कर स्क्रैप मंगाते हैं, लेकिन इसके बाद धोखाधड़ी से माल भेजना बंद कर देते हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके साथ स्क्रैप मंगाने को लेकर साढ़े तीन करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है। जांच के दौरान पता चला कि शिकायतकर्ता ने एल्यूमीनियम स्क्रैप, ब्रास स्क्रैप, लेड सिल्लियां और कॉपर स्क्रैप की शिपिंग के लिए भुगतान किया था। अग्रिम भुगतान होने के बाद न तो आरोपियों ने माल ही भेजा और न ही पैसे वापस किए। शिकायतकर्ता के ने कहा कि आरोपी राजेंद्र कुमार, उसकी पत्नी सुलेखा रानी, गुजरत पांचाल, जिया लाल पांचाल व जसविंद्र पांचाल ने सांठगांठ व मिलीभगत से इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। पुलिस आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच आर्थिक अपराध जांच शाखा बल्लभगढ़ को सौंप दी। जांच के बाद डबुआ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो