न पढ़ाना पड़ा भारी: छात्र ने फोड़ा टीचर का सिर, इंसाफ की आस में पीड़ित पहुंचा थाने; वहां दिखा वर्दी का अलग रूप
शिकायतकर्ता मुरारी का आरोप है कि सेक्टर 58 थाने में शिकायत देने के बाद देर रात साढे 11 बजे उनके पास सिकोरना पुलिस चौकी में तैनात विक्रम नाम के हवलदार का फोन आया। हवलदार ने उसे रात को ही सिकरोना शिव मंदिर के पास बुलाकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फरीदाबाद सेक्टर 58 थाना इलाके के समयपुर इलाके में एक युवक को ट्यूशन पढ़ाने से मना करना अध्यापक को भारी पड़ गया। युवक ने रास्ते में रोककर अध्यापक का सिर फोड़ दिया। पीड़ित का आरोप है कि इस बात की शिकायत जब उन्होंने पुलिस को दी तो एक हवलदार ने उल्टा उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत पर काम करने की बजाय समझौते का दबाव बनाया। किसी तरह अध्यापक ने थाना प्रभारी को मामले से अवगत कराकर केस दर्ज कराया है।
पीड़ित मुरारी सिंह ने बताया वह समयपुर में कोचिंग सेंटर चलाता है। कुछ दिन पहले उसके यहां 12वीं का एक छात्र शिवम ट्यूशन पढ़ने की बात करने आया था। छात्र अर्थशास्त्र विषय की ट्यूशन पढ़ना चाह रहा था। मुरारी ने कहा कि वह केवल विज्ञान से संबंधित छात्रों को ही ट्यूशन पढ़ाते हैं। इस बात को लेकर शिवम नाराज हो गया और रंजिश रखने लगा।
परेशान करने की नीयत से आरोपी कई बार उसके कोचिंग सेंटर के पास आकर तेज आवाज में बाइक का हॉर्न बजाने लगता। विरोध करने पर मारपीट भी करता। परेशान होकर मुरारी ने मामले की शिकायत सेक्टर-58 थाना में दे दी। रविवार शाम वह 58 थाने में दी शिकायत के बारे में जानने जा रहे थे। इसी दौरान झाड़सेंतली गांव के पास आरोपी छात्र ने आठ-दस दोस्तों के साथ मिलकर उसे पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उसके सिर पर डंडों से वार कर सिर फोड़ दिया। आसपास के लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उसने दोबारा से सेक्टर-58 थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आरोप : पुलिसकर्मी ने कहा- मारपीट के केस में उसे अंदर कर देगा
शिकायतकर्ता मुरारी का आरोप है कि सेक्टर 58 थाने में शिकायत देने के बाद देर रात साढे 11 बजे उनके पास सिकोरना पुलिस चौकी में तैनात विक्रम नाम के हवलदार का फोन आया। हवलदार ने उसे रात को ही सिकरोना शिव मंदिर के पास बुलाकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। मना करने पर पुलिसकर्मी ने कहा कि वह उल्टा उसे ही शिवम से मारपीट के केस में अंदर कर देगा। इसके बाद रात ढाई बजे दोबारा से विक्रम ने मुरारी को फोन कर चौकी में बुलाया और बेल्ट से पीटने की धमकी देकर शिकायत वापस लेने को कहा। मुरारी का कहना है पुलिस के डर के कारण वह थाने में शिकायत संबंधित बात कर वापस आ रहा था, उसी दौरान शिवम व उसके दोस्तों ने उसका सिर फोड़ दिया।
दोनों पक्षों में झगडे़ के बाद एक पक्ष थाना सेक्टर 58 में आ गया था, जबकि दूसरा पक्ष सिकरोना चौकी चला गया। इस पर हवलदार ने मुरारी को फोन कर जांच के लिए बुलाया होगा। जहां अध्यापक का सिर फोड़ा गया है वह थाने का इलाका लगता है। आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -अनूप कुमार, थाना सेक्टर 58 प्रभारी