{"_id":"6b06f0d2f5a3b1057e0346aa","slug":"fire-at-bhankhari-dumping-yard-remains-unextinguished-even-after-48-hours-2026-11-25","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"फरीदाबाद: भांखरी डंपिंग यार्ड में 48 घंटे बाद भी बेकाबू आग; हवा हुई जहरीली, हजारों लोग रातभर घरों में हुए कैद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फरीदाबाद: भांखरी डंपिंग यार्ड में 48 घंटे बाद भी बेकाबू आग; हवा हुई जहरीली, हजारों लोग रातभर घरों में हुए कैद
Wed, 25 Nov 2026 08:00 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद
Published by: अनुज कुमार
Updated Wed, 25 Nov 2026 08:00 PM IST
सार
भांखरी डंपिंग यार्ड में लगी आग 48 घंटे बाद भी नहीं बुझ पाई है। धुएं ने आसपास की सोसाइटियों और गांवों में रहने वाले करीब 50 हजार लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लोगों को रातभर खिड़की-दरवाजे बंद रखने पड़े और उनकी आंखों में जलन हुई।
विज्ञापन
भांखरी डंपिंग यार्ड में आग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भांखरी डंपिंग यार्ड में कूड़े में लगी आग 48 घंटे बाद भी नहीं बुझ पाई है। सोमवार शाम करीब छह बजे लगी आग बुधवार देर शाम तक सुलगती रही। इससे उठ रहे धुएं ने आसपास की सोसाइटियों और गांवों में रहने वाले करीब 50 हजार लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। घरों के अंदर तक धुआं पहुंचने से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। लोगों को रातभर खिड़की-दरवाजे बंद रखने के बावजूद राहत नहीं मिली।
विज्ञापन
बुधवार सुबह सैनिक कॉलोनी, आईपी कॉलोनी, अचीवर्स सोसाइटी, दिल्ली पुलिस सोसाइटी और भांखरी गांव समेत आसपास के एक दर्जन इलाकों में धुएं की चादर छाई रही। सुबह लोगों को पहले कोहरे का भ्रम हुआ, लेकिन तीखी दुर्गंध और आंखों में जलन से आग के धुएं का पता चला। कई लोगों को खांसी और सांस लेने में परेशानी हुई। सुबह की सैर पर निकले लोगों को भी वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने कूड़े में आग लगने की घटनाओं पर रोक लगाने और स्थायी समाधान की मांग की है।
विज्ञापन
छह दमकल गाड़ियां और तीन जेसीबी तैनात
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की छह गाड़ियां और तीन जेसीबी मौके पर लगाई गई हैं। इसके बावजूद कूड़े के ढेर में आग लगातार सुलग रही है और धुआं उठ रहा है। फायर अधिकारी सुखवीर ने बताया कि सोमवार शाम छह बजे से टीमें आग बुझाने में जुटी हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
