फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   Faridabad became BJP dominated by huge victory, candidates won in 39 wards including mayor

Faridabad News: प्रचंड जीत से भाजपामय हुआ फरीदाबाद, मेयर समेत 39 वार्डों में जीते प्रत्याशी

Thu, 13 Mar 2025 12:30 AM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Thu, 13 Mar 2025 12:30 AM IST
विज्ञापन
Faridabad became BJP dominated by huge victory, candidates won in 39 wards including mayor
भाजपा की प्रत्याशी प्रवीण बत्रा जोशी ने कांग्रेस की लता रानी को तीन लाख से अधिक मतों से हराया
विज्ञापन

कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों का सूपड़ा साफ, निर्दलीयों ने भाजपा को टक्कर
भाजपा के सेक्टर-15 कार्यालय अटल कमल पर भाजपाइयों ने ढोल नगाड़ों पर जमकर किया डांस
वार्डों में जीते प्रत्याशियों के समर्थकों ने बांटी मिठाइयां, जमकर मना जीत का जश्न
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने फरीदाबाद नगर निगम में प्रचंड मतों से परचम लहरा दिया। बुधवार को हुई मतगणना में भाजपा की मेयर प्रत्याशी प्रवीण बत्रा जोशी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की लता रानी को 3 लाख 16 हजार 852 मतों से शिकस्त दी। दावा है कि देशभर में इतने रिकॉर्ड मतों से सबसे बड़ी जीत है। पार्षद पदों पर भाजपा ने 46 सीटों में से 39 सीटों पर एकतरफा जीत हासिल की है। दूसरी तरफ, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बसपा का चुनाव में लगभग सूपड़ा साफ हो गया। परिणाम आने के बाद सेक्टर-15 स्थित भाजपा कार्यालय अटल कमल में ढोल नगाड़ों पर भाजपाइयों ने जमकर डांस किया। जमकर पटाखे चलाए । पूरे दिन वार्डों में जीते प्रत्याशियों के समर्थक जीत की खुशियां मनाते दिखे।

हरियाणा के सबसे बड़े नगर निगम फरीदाबाद में बुधवार को मतगणना के दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में जोश दिखाई दिया। बुधवार को मतगणना के दौरान ही भाजपाई नेता और समर्थक जहां मतगणना केंद्रों पर नजर आए। वहीं, कांग्रेस, बसपा और आप के नेताओं की उपस्थिति कम दिखी। सात स्थानों के नौ केंद्रों पर मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। सबसे पहले मेयर पद के लिए मतगणना शुरू हुई। पहले ही राउंड से भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बनानी शुरू कर दी।
विज्ञापन

प्रवीण जोशी ने पहले राउंड में 50824 मत लेकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी लता रानी से 37 हजार मतों से लीड ले ली। सातवें राउंड में दोनों के बीच मतों का अंतर 2 लाख 6 हजार 17 पर पहुंच गया। अंतिम 13 राउंड पर भाजपा की प्रवीण बत्रा जोशी ने 4 लाख 16 हजार 927 मत हासिल किए। दूसरे नंबर पर कांग्रेस की लता रानी को कुल 100075 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी ने रिकॉर्ड मतों से 3 लाख 16 हजार 852 के अंतर से लता रानी को शिकस्त दी। तीसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी की निशा दलाल फौजदार ने 29977 मत हासिल किए। चौथे नंबर पर बसपा की मनसा पासवान ने 23973 मत हासिल किए। पांचवें नंबर पर निर्दलीय संगीता यादव ने 11335 मत हासिल किए। उन्हें समाजवादी पार्टी ने बाहर से समर्थन दिया था। एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी अंजना शर्मा को 9285 मत मिले, जबकि इनसे अधिक नोटा को लोगों ने 10223 मत दिए। रिटर्निंग अधिकारी सतबीर मान ने मेयर पद के लिए प्रवीण बत्रा जोशी को प्रमाण पत्र दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

---
पहली बार मतदान के जरिये मेयर पद का हुआ चुनाव
नए परिसीमन के बाद इस बार 46 वार्ड और मेयर पद के लिए चुनाव हुए। पहली बार मतदान के जरिए मेयर पद पर चुनाव हुआ। फरीदाबाद मेयर पद इस बार सामान्य महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित था। नगर निगम के चुनाव 2 मार्च को संपन्न हुए थे। नगर निगम में 14 लाख 70 हजार 687 मतों के सापेक्ष 6 लाख 1 हजार 795 लोगों ने मतदान किया। निगम में केवल 40.9 प्रतिशत मतदान हुआ।
---
भाजपा के 39 पार्षद, कांग्रेस को नाम के लिए एक मिली सीट
नगर निगम चुनावों में भाजपा ने पार्षद पद के लिए सभी पार्टियों का लगभग सूपड़ा ही साफ कर दिया। भाजपा ने 46 में से 39 सीटों को अपने नाम कर बाकी दलों की छुट्टी कर ली। हरियाणा में नंबर दो की पार्टी रहीं कांग्रेस का फरीदाबाद में बेहद खराब प्रदर्शन रहा। यहां पर कांग्रेस के वार्ड नंबर 20 से पार्षद प्रत्याशी लिक्खी ने जीत दर्ज कर पार्टी को शून्य सीट से बचा लिया। वहीं, आप, बसपा का एक भी नामलेवा पार्षद नहीं बना। निर्दलीयों ने जरूर भाजपा को टक्कर देते हुए छह सीटों पर जीत दर्ज की। इसमें से बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में तीन निर्दलीयों ने सीटें अपने नाम की। यहां एक ही परिवार (रिश्तेदारी) के तीनों निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं।

---
सबसे कम 58 तो सबसे अधिक 9480 वोट से जीते पार्षद
वार्ड नंबर 25 से भाजपा की सीमा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की तनु शर्मा को 9480 मतों से शिकस्त दी। वार्ड नंबर नौ में बेहद रोमांचक मुकाबला रहा। यहां भाजपा की संगीता भाटिया ने निर्दलीय प्रत्याशी को 58 मतों से हराकर जीत दर्ज की। संगीता भाटिया को 5309 मत मिले। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी पारूल को 5251 मत मिले।
---
किसको कितने मिले वोट
प्रत्याशी दल मत मिले चुनाव में नंबर

प्रवीण बत्रा जोशी भाजपा 416 927 विजयी
लता रानी कांग्रेस 100075 दूसरा स्थान
निशा दलाल फौजदार आम आदमी पार्टी 29977 तीसरा स्थान
मनसा पाससान बसपा 23973 चौथा स्थान
संगीता यादव निर्दलीय (सपा समर्थित) 11335 पांचवां स्थान
नोटा -------- 10223 छठा स्थान
अंजना शर्मा निर्दलीय 9285 सातवां स्थान
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed