फरीदाबाद। सैनिक कॉलोनी में पांच दिन से पेयजल समस्या बनी हुई है। नलों में पानी नहीं आने से लोगों को टैंकरों पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि पेयजल समस्या को लेकर जब जेई से बात की गई तो उन्होंने पांच दिन बाद पानी देने की बात कही। इससे कॉलोनी वासियों में भारी रोष है। लोगों ने कहा कि यदि जल्द पानी सप्लाई सुचारू नहीं की गई तो उन्हें मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
स्थानीय निवासी बिट्टू ने बताया कि सैनिक कॉलोनी स्थित अरावली विहार शिव मंदिर के पास पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है। क्षेत्र में करीब 500 से ज्यादा परिवार रहते हैं, जो पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी में पानी नहीं आने के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पिंकी और रोशनी देवी ने कहा कि नगर निगम की ओर से कोई टैंकर नहीं भेजा जाता है। ऐसे में प्राइवेट टैंकर मांगना पड़ रहा है। एक सप्ताह पहले तक जो टैंकर 700 रुपये का मिल रहा था। अब अब एक हजार रुपये का मिल रहा है। शुक्रवार को लोगों ने जेई को फोन कर पानी की जानकारी मांगी तो उन्होंने कहा कि पांच दिन और लोग पानी की समस्या रहेगी। इसके बाद लोगों को नियमित रूप से पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इस संबंध में नगर निगम मुख्य अभियंता रामजी लाल ने कहा कि कॉलोनी में पानी की समस्या के बारे में जानकारी नहीं है, जल्द अधिकारियों से जवाब-तलब किया जाएगा। पेयजल आपूर्ति बहाल की जाएगी।