बुझ गया 'दीपक': समझौते के लिए बुलाकर कर दिया जीवन समाप्त, 12 बार चाकू से गोदा; बस के अंदर शव छोड़ भागे हत्यारे
मृतक की पहचान दिल्ली मोलडबंद के रहने वाले दीपक उर्फ वाडरा के रूप में हुई है। वह बदरपुर बॉर्डर के पास रेहड़ी पर पराठे बनाने का काम करता था।
विस्तार
फरीदाबाद सेक्टर 37 बाईपास इलाके में खाटू श्याम ट्रैवल्स की खड़ी बस में 25 वर्षीय युवक का शव मिला है। परिजनों को आरोप है कि चार युवकों से किसी बात को लेकर कहासनी हुई थी। आरोपियों ने करीब 12 से अधिक बार चाकू से हमला कर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना सराय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेहड़ी पर पराठे बेचता था दीपक
मृतक की पहचान दिल्ली मोलडबंद के रहने वाले दीपक उर्फ वाडरा के रूप में हुई है। वह बदरपुर बॉर्डर के पास रेहड़ी पर पराठे बनाने का काम करता था। उसके घर के पास रहने वाले कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। मृतक और आरोपितों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज थे।
समझौते के नाम पर बुलाया, कर दिया मर्डर
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को आरोपी मोलडबंद निवासी तुषार, चिंकी, राहुल थापा और ओम ने दीपक को समझौता करने के बहाने सराय स्थित बाइपास रोड पर बुलाया। वहां पर आरोपितों और दीपक ने एक साथ मिलकर शराब का सेवन किया। उसके बाद आरोपियों ने दीपक के ऊपर चाकू से हमला कर दिया।
राहगिरों ने बुलाई पुलिस
आरोपियों ने करीब 12 बार चाकू से हमला किया और दीपक के शव को बस में ही छोड़कर फरार हो गए। राहगीर ने लहूलुहान शव की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल में रखवा दिया।