सांसों पर गहराता संकट: खराब पड़ी है एंटी स्मॉग गन, कैसे जीतेंगे प्रदूषण से ये बड़ी जंग; एक्यूआई 306 तक पहुंचा
फरीदाबाद जिले में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रदूषण विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले एक सप्ताह में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में उतार-चढ़ाव के बीच एक नवंबर को यह 306 तक पहुंच गया।
विस्तार
स्मार्ट सिटी में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए नगर निगम की ओर से करीब तीन साल पहले पांच स्थानों पर लगवाई गई एंटी स्मॉग गन में से बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह पार्क में लगी मशीन खराब पड़ी है। मशीन का संचालन बंद होने के कारण पार्क में प्रदूषण कम करने के लिए होने वाला पानी का छिड़काव भी नहीं हो पा रहा है। मशीन अब पार्क में केवल शोपीस बनकर रह गई है। इसे ठीक करवाने के लिए कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
एयर क्वालिटी इंडेक्स 306 तक पहुंचा
फरीदाबाद जिले में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रदूषण विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले एक सप्ताह में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में उतार-चढ़ाव के बीच एक नवंबर को यह 306 तक पहुंच गया। आंकड़ों के मुताबिक 25 अक्तूबर को एक्यूआई 156, 26 अक्तूबर को 165, 27 अक्तूबर को 194, 28 अक्तूबर को 206, 29 अक्तूबर को 186, 30 अक्तूबर को 137, 31 अक्तूबर को 205 और एक नवंबर को 306 दर्ज किया गया। बढ़ता एक्यूआई शहर की हवा की गुणवत्ता बिगड़ने की ओर इशारा कर रहा है।
कहां-कहां लगाई गईं थी एंटी स्मॉग गन?
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम प्रशासन ने वर्ष 2023 में पांच छोटी एंटी स्मॉग गन अलग-अलग स्थानों पर लगवाई थीं। इनमें एक मशीन नगर निगम मुख्यालय में बीके चौक की छत पर, दूसरी बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह पार्क में, तीसरी सेक्टर- 11डी स्थित दीनदयाल पार्क में, चौथी सेक्टर-16 मार्केट के पास और पांचवीं सेक्टर-31 में सब स्टेशन के नजदीक लगाई गई थी। इन मशीनों के माध्यम से पानी का छिड़काव कर वातावरण में मौजूद धूल के कणों को कम करने का प्रयास किया जाना था। लेकिन राजा नाहर सिंह पार्क में लगी मशीन खराब पड़ी हुई है।
पिछले सप्ताह करवाया था ठीक, फिर करवा लेंगे
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता डालचंद का कहना है कि इस मशीन को पिछले सप्ताह ठीक करवाया गया था। अगर दोबारा से खराब हो गई है तो मशीन को फिर से ठीक करवा दिया जाएगा।