फरीदाबाद। जिले में लोगों को अधिक से अधिक कोविड-19 टीकाकरण करने के लिए सोमवार को टीका महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह टीका महोत्सव 181 स्वास्थ्य केंद्रों व निजी अस्पतालों में आयोजित होगा। इस बार सबसे ज्यादा ध्यान ग्रामीण इलाकों पर है।
उपायुक्त यशपाल ने बताया कि जिले में टीकाकरण अभियान को और तेज करने के लिए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी 181 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों व निजी अस्पतालों में कोविड टीका महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत से गुरुग्राम अपने नागरिकों को टीका लगाने में देश के प्रमुख शहरों में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। जिले के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिन्होंने कोरोना रोधी टीका लगवा लिया है, वे अपने करीबियों व आसपास रहने वाले लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। जिले में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। जिले की संभावित जनसंख्या साढे़ 12 लाख आंकी गई है। उसकी तुलना में स्वास्थ्य विभाग अभी तक 56 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण कर चुका है। टीका महोत्सव के दौरान ज्यादा से ज्यादा लोग टीकाकरण के लिए आगे आएं। इसमें सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार के पंजीकरण की जरूरत नहीं है। सभी लोग वॉक इन प्रक्रिया के तहत पहले आओ-पहले लगवाओ की तर्ज पर टीका लगवा सकते हैं।