भाई ने की भाई की हत्या: सुबह दी धमकी..शाम को मिली सतीश की लाश, दो महीने पहले पिता की मौत; अब बेटा भी गया
परिजनों ने आरोप लगाया है कि सतीश की हत्या विकास निवासी दयालपुर, प्रिंस निवासी बुखार पुर और ओम हुड्डा निवासी दयालपुर समेत छह लोगों ने मिलकर की है। मृतक के शरीर पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से चोटों के गंभीर निशान मिले हैं। सिर भी फटा हुआ था और चेहरा खून से लथपथ था।
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित आईएमटी क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर सुनसान इलाके की झाड़ियों में शव को फेंक दिया। शुक्रवार की शाम को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
'दीपावली नहीं मनाने दूंगा। या तो मैं मरूंगा या...'
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने सुबह मृतक की चचेरे भाई को धमकी देते हुए कहा दीपावली नहीं मनाने दूंगा। या तो मैं मरूंगा या उनके परिवार के किसी व्यक्ति को मार दूंगा। धमकी के कुछ घंटों के बाद ही युवक का शव पुलिस को मिल गया। थाना सदर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दो महीने पर हुआ था पिता का निधन
गांव मच्छगर निवासी नीरज ने बताया कि मृतक सतीश तीन भाइयों में बीच का था। उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी और उसका ढाई साल का एक बच्चा है। दो महीने पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था। मृतक के भाई नीरज को उनके चचेरे भाई ने बताया कि शुक्रवार सुबह ही दयालपुर गांव निवासी ऑटो चालक विकास ने उनके परिवार को धमकी दी थी कि दीपावली मनाने नहीं दूंगा। या तो मैं मरूंगा या तुम्हारे परिवार के किसी सदस्य को मारूंगा। इस धमकी के कुछ समय के बाद उनको सूचना मिली की उनके भाई सतीश का शव झाड़ियों में पड़ा हुआ है।
दोपहर में नहीं आया था खाना खाने के लिए
मृतक सतीश पिछले पांच साल से आईएमटी की एक निजी कंपनी में काम कर रहा था। शुक्रवार को भी कंपनी में काम करने के लिए घर से गया था। वह रोजाना दोपहर को खाना खाने के लिए घर पर आता था, लेकिन शुक्रवार को वह घर नहीं नहीं आया। जब परिवार ने कंपनी में फोन कर जानकारी ली, तो उनको पता चला कि वह कंपनी आया ही नहीं। कुछ घंटे बाद उसका शव आईएमटी क्षेत्र में मच्छगर गांव जाने वाले रास्ते पर वार्ड 44 के बीजेपी पार्षद प्रदीप टोंगर के कार्यालय से लगभग 200 मीटर पहले झाड़ियों में खून से लथपथ मिला।
शरीर पर कई चोट के निशान
परिजनों ने आरोप लगाया है कि सतीश की हत्या विकास निवासी दयालपुर, प्रिंस निवासी बुखार पुर और ओम हुड्डा निवासी दयालपुर समेत छह लोगों ने मिलकर की है। मृतक के शरीर पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से चोटों के गंभीर निशान मिले हैं। सिर भी फटा हुआ था और चेहरा खून से लथपथ था।
पत्नी लगाती थी बिरयानी की रेहड़ी
मृतक सतीश की पत्नी आईएमटी में बिरयानी की रेहड़ी को लगाया करती थी। दोनों परिवार का पालन पोषण करने के लिए कार्य करते थे। गांव के लोगों को कहना है कि तीनों भाइयों में से किसी की भी कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया तीन नामजद आरोपियों को काबू कर लिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।