Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   Along with medicine, patients will also be treated with yoga.

Faridabad News: दवा के साथ योग से भी मरीजों का होगा उपचार

Sun, 17 May 2026 12:39 AM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Sun, 17 May 2026 12:39 AM IST
विज्ञापन
Along with medicine, patients will also be treated with yoga.
जिले में 60 हजार से अधिक उच्च रक्तचाप के मरीज, बीके अस्पताल में एकीकृत स्वास्थ्य व्यवस्था लागू करने की पहल शुरू
विज्ञापन


नीरज धर पाण्डेय
फरीदाबाद। जिले में उच्च रक्तचाप के लगातार बढ़ते मामलों के बीच अब बीके अस्पताल में दवाइयों के साथ योग के माध्यम से भी मरीजों को राहत देने की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने बीके अस्पताल में एकीकृत स्वास्थ्य व्यवस्था लागू करने की पहल शुरू की है। इसके तहत मरीजों को उपचार के दौरान योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। जिले में वर्तमान में 60350 मरीज सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से नियमित रूप से उच्च रक्तचाप की दवाइयां ले रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योग और व्यायाम रक्तचाप नियंत्रण में प्रभावी साबित हो सकते हैं।

स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से बीके अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत जिला आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक, योग सहायक और आयुर्वेदिक चिकित्सक अस्पतालों में मरीजों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करेंगे। विभाग का उद्देश्य मरीजों को दवाइयों के साथ आयुष पद्धति और योग का लाभ उपलब्ध कराना है, जिससे बीमारियों से जल्दी राहत मिल सके और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत हो।
विज्ञापन



ओपीडी और आईपीडी में आने वाले मरीजों को मिलेगा लाभ

स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के अनुसार अस्पतालों की ओपीडी और आईपीडी में आने वाले मरीजों को उनकी बीमारी और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान की जानकारी दी जाएगी। अस्पतालों में नियमित योग सत्र आयोजित करने की भी योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव, मोटापा और सांस संबंधी बीमारियों में दवाइयों के साथ योग करने से बेहतर परिणाम देखने को मिले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन



समय-समय पर लगाए जाते हैं जागरूकता शिविर

जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रेना के अनुसार जिले में 60350 मरीज सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से नियमित रूप से उच्च रक्तचाप की दवाइयां ले रहे हैं। समय-समय पर जागरूकता और जांच शिविर लगाकर लोगों को उच्च रक्तचाप के कारण और इससे बचाव के उपाय बताए जाते हैं। इनमें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, धूम्रपान और मदिरापान से दूरी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


आधुनिक चिकित्सा के साथ योग का समन्वय

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति और योग का समन्वय मरीजों के लिए अधिक प्रभावी साबित होगा। इससे मरीजों को केवल बीमारी से राहत ही नहीं मिलेगी, बल्कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित होंगे। विभाग को उम्मीद है कि यह पहल सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएगी।


उच्च रक्तचाप के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को दवाइयों के साथ जीवनशैली में सुधार करना बेहद जरूरी है। नियमित योग, संतुलित आहार और तनाव मुक्त दिनचर्या अपनाकर रक्तचाप को काफी हद तक नियंत्रित रखा जा सकता है।

-डॉ. एके यादव, नोडल अधिकारी


रक्तचाप नियंत्रण में योग की भूमिका

बदलती जीवनशैली, मानसिक तनाव और असंतुलित खानपान के कारण उच्च रक्तचाप तेजी से बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान न केवल मानसिक तनाव को कम करते हैं, बल्कि शरीर में रक्त संचार को भी संतुलित बनाए रखते हैं। भ्रामरी, नाड़ी शोधन, ध्यान, शवासन और योगनिद्रा जैसे अभ्यास उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोगों के लिए लाभकारी माने जाते हैं।


यदि लोग प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें, तो रक्तचाप सहित कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
-डॉ. संजीव पाठक, योग विशेषज्ञ
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed